हिंदू नाम की आड़ में प्यार का जाल, निकाह के बाद ‘धोखे की कहानी’ से हिला मुजफ्फरनगर, महिला ने लगाए लाखों की ठगी और धर्मांतरण के गंभीर आरोप

हिंदू नाम की आड़ में प्यार का जाल, निकाह के बाद ‘धोखे की कहानी’ से हिला मुजफ्फरनगर, महिला ने लगाए लाखों की ठगी और धर्मांतरण के गंभीर आरोप

मुजफ्फरनगर। जिले में धर्मांतरण और कथित लव जिहाद से जुड़े गंभीर आरोपों के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को एक विधवा महिला कुछ हिंदूवादी नेताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और एसएसपी संजय कुमार वर्मा को शिकायती पत्र सौंपकर एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने वर्ष 2016 में खुद को हिंदू बताते हुए “राजीव बालियान” नाम से पहचान बनाई और बाद में शादी का झांसा देकर उसका भरोसा जीत लिया। महिला के अनुसार वर्ष 2017 में उत्तराखंड के पिरान कलियर में मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह कराया गया, जहां आरोपी ने अपना असली नाम “अशफाक” बताया।

महिला का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे नमाज पढ़ने और रोजा रखने के लिए मजबूर किया गया तथा उसकी जानकारी के बिना मांसाहारी भोजन भी खिलाया गया।

पीड़िता के अनुसार आरोपी ने मकान निर्माण के नाम पर उससे करीब 30 लाख रुपये ले लिए, जिसके लिए उसे अपना नोएडा स्थित फ्लैट तक बेचना पड़ा। बाद में रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने इनकार कर दिया।

शिकायत में यह भी आरोप है कि ग्राम प्रधान चुनाव के दौरान आरोपी ने “अशफाक राजू” नाम का उपयोग कर अपनी पहचान छिपाई, जिससे उसकी असलियत सामने आई। विरोध करने पर धमकी देने और पैसे न लौटाने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और संभावित नेटवर्क की गहन जांच की मांग की है। उसका यह भी कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए अन्य महिलाओं को भी निशाना बनाने की कोशिश करता है।

एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भोपा थाना पुलिस को जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *