बुलंदशहर में हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली, आरोपी गिरफ्तार

बुलंदशहर में हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली, आरोपी गिरफ्तार

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घटना संतपुरा बंबे की पुलिया के पास हुई है, जहां पुलिस संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की जांच कर रही थी।

देर रात करीब 2 बजे पुलिस टीम ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया। हालांकि, वह नहीं रुका और नगला कलां की तरफ भागने का प्रयास करने लगा। पीछा करने पर कुछ दूरी पर हिस्ट्रीशीटर की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। अपने को घिरा देख हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया। तथा गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर की पहचान सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के सिरोधन गांव निवासी विनोद उर्फ कालिया के रूप में हुई है। घायल हिस्ट्रीशीटर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर बाइक, एक लैपटॉप बैग, एक बेडशीट, एक चांदी का सिक्का और 25,000 रुपये नगद बरामद किए हैं।

सिकंदराबाद क्षेत्रधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि विनोद उर्फ कालिया एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ लूट और चोरी जैसी घटनाओं से संबंधित करीब आधा दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस जांच जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *