गाजियाबाद में अचार फैक्ट्रियों पर छापा, सड़ा-गला माल मिला, 3400 किलो नष्ट

गाजियाबाद में अचार फैक्ट्रियों पर छापा, सड़ा-गला माल मिला, 3400 किलो नष्ट

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में चल रही दो अचार फैक्ट्रियों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी की। यहां सड़ा गला अचार मिला। इनसे से एक फैक्टरी दिल्ली पुलिस का सेवानिवृत्त सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) चला रहा था। दोनों जगह से नमूने लेकर 3400 किलोग्राम अचार नष्ट कराया गया। वहीं 8800 किलोग्राम नमक जब्त किया है।

जिला अभिहित अधिकारी सुरेश मिश्रा ने बताया कि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय के नेतृत्व में दो जगह पर छापेमारी की गई। खोड़ा के मास्टर पार्क मोहल्ले में संचालित राहुल अचार वाले के प्रतिष्ठान पर टीम पहुंची, जहां भैंस के तबेले में गंदगी के बीच अचार बनाया जा रहा था। मौके पर इसके मालिक जसवीर सिंह मिले, जो दिल्ली पुलिस के सेवानिवृत्त एएसआई हैं। यहां से 10 ड्रमों में करीब दो हजार किलोग्राम नींबू का अचार और 400 किलोग्राम मिक्स अचार रखा मिला। दोनों से दुर्गंध आ रही थी, जिन्हें खाने से बीमारी हो सकती थीं। इसीलिए मौके पर ही इसे नष्ट कराया गया। यहां से नींबू अचार, मिक्स अचार और सिरका के तीन नमूने भी लिए गए। बताया जा रहा है कि जसवीर का बेटा राहुल भी यूपी पुलिस में सिपाही है। उसी के नाम पर फैक्टरी संचालित की जा रही थी। हालांकि, उसकी तैनाती कहां है, अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह फैक्टरी लंबे समय से चल रही थी।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा खोड़ा के शनि बाजार स्थित पवन सिंह के प्रतिष्ठान पर भी छापेमारी हुई। यहां से 20 ड्रमों में भरा हुआ करीब एक हजार किलोग्राम आम और नींबू का अचार बेहद ही सड़ी-गली व गंदे वातावरण में मिला। अचार से तेज दुर्गंध आ रही थी और उसका भंडारण भी खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं किया गया था। टीम ने पूरे स्टॉक को जब्त कर नष्ट कराया। यहां से मिक्स अचार 180 किलो एवं 8800 किलोग्राम नमक भी जब्त किया गया। साथ ही तीन नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं। जिला अभिहित अधिकारी के मुताबिक दोनों प्रतिष्ठान खाद्य विभाग का पंजीकरण प्रमाण-पत्र भी नहीं दिखा सके। उन्होंने बताया कि नमूने जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *