मुजफ्फरनगर। जनपद में वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर थाना पुलिस को सोमवार देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी। खतौली-शाहपुर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 15 हजार रुपये के इनामी वाहन चोर तैय्यब उर्फ छोटू को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्रपाल सिंह के निर्देशन में की जा रही थी। थानाध्यक्ष शाहपुर गजेन्द्र सिंह की टीम रात के समय इलाके में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी, तभी एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही वह घबरा गया और बाइक मोड़कर भागने लगा।

भागने के दौरान तेज रफ्तार और असंतुलन के चलते उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और पास के गन्ने के खेत में छिप गया। पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश लगातार फायरिंग करता रहा।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके पर ही दबोच लिया गया और बाद में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस की कड़ी निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान तैय्यब उर्फ छोटू निवासी सीलमपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का सदस्य है और उसके खिलाफ कई जिलों में विभिन्न गंभीर धाराओं में लगभग 13 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक बिना नंबर प्लेट की बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने इस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए पुलिस टीम की प्रशंसा की है और कहा है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

