मुजफ्फरनगर: पिता-पुत्र हत्याकांड पर भड़का वैश्य समाज, हत्यारोपियों के घर बुलडोजर कार्रवाई की मांग

मुजफ्फरनगर: पिता-पुत्र हत्याकांड पर भड़का वैश्य समाज, हत्यारोपियों के घर बुलडोजर कार्रवाई की मांग

मुजफ्फरनगर। बागपत जनपद के बड़ौत में व्यापारी पिता-पुत्र की दिनदहाड़े हत्या के मामले को लेकर वैश्य समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। संयुक्त वैश्य मोर्चा ने प्रदेश में व्यापारियों के खिलाफ बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। संगठन ने हत्यारोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों की संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है।

शनिवार को संयुक्त वैश्य मोर्चा के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि प्रदेश में व्यापारी वर्ग लगातार अपराधियों के निशाने पर है। लूट, डकैती, रंगदारी और हत्या जैसी घटनाओं के कारण व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।

मोर्चा के मुख्य संयोजक शलभ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि बागपत के बड़ौत क्षेत्र में व्यापारी सोहनलाल अग्रवाल और उनके पुत्र विकास अग्रवाल की दिनदहाड़े हत्या ने पूरे व्यापारी समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल एक परिवार को तबाह किया है, बल्कि पूरे व्यापारिक समुदाय को चिंता में डाल दिया है।

उन्होंने बताया कि संयुक्त वैश्य मोर्चा के पदाधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने और संवेदना व्यक्त करने के लिए बड़ौत जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन द्वारा उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद संगठन ने मुख्यमंत्री तक अपनी मांग पहुंचाने के लिए ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया।

शलभ गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने मांग की कि इस दोहरे हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ भी कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

संयुक्त वैश्य मोर्चा ने ज्ञापन में यह भी मांग उठाई कि हत्या के आरोपियों की अवैध संपत्तियों की जांच कर उन पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए। संगठन का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई ही समाज में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास को मजबूत कर सकती है।

मोर्चा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेशभर का व्यापारी समाज आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने सरकार से व्यापारियों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने तथा अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संयुक्त वैश्य मोर्चा के कई पदाधिकारी और व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। संगठन ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *