बहसूमा। बुधवार की दोपहर एंबीशन स्कूल की बस चालक को नगर के मोहल्ला कैलाशपुरी में कुछ युवकों ने पीट-पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने आरोपी युवकों के विरुद्ध थाना पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि अभी तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है।
बताते चलें कि क्षेत्र के ग्राम मोड़कला का रहने वाला शोबित पुत्र पवन नगर के समीप मेरठ पौड़ी मार्ग पर स्थित एंबीशन स्कूल में बस चलाने का कार्य करता है। बुधवार की दोपहर शोबित स्कूल की छुट्टी होने पर की बस को लेकर बच्चों को छोड़ने के लिए बटावली गांव में गया था। जब बस चालक शोबित बच्चों को छोड़कर वापस आ रहा था तभी नगर के मोहल्ला कैलाशपुरी में बाइक सवार जाहिद व आरिफ से उसकी कहासुनी हो गई। जिसके बाद दोनों आरोपियों ने बस चालक शोबित को स्कूल बस से नीचे खींच लिया तथा उसके साथ जमकर मारपीट की। पीड़ित की माने तो घटना के बाद जब वह आरोपियों के घर कुछ लोगों को लेकर गया तो आरोपियों ने उसकी बात सुनने के बजाय उसे फिर से लाठी-डंडों से जमकर पीटा। घायल बस चालक ने थाना पर तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की ओर अपने चालक के साथ हुई मारपीट की बाबत दी गई तहरीर पर पुलिस पूरे मामले की जांच करने में जुटी हुई है। मारपीट में घायल हुए बस चालक का डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद जल्द ही आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


