झांसी में भीषण अग्निकांड: पुलिस चौकी समेत 10 दुकानें जलकर राख, करोड़ों का नुकसान

झांसी में भीषण अग्निकांड: पुलिस चौकी समेत 10 दुकानें जलकर राख, करोड़ों का नुकसान

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में मऊरानीपुर-झांसी राजमार्ग पर स्थित बंगरा कस्बे में देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। बंगरा पुलिस चौकी से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते आसपास की आठ से दस दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पुलिस चौकी, मोबाइल शॉप, इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम, पेंट की दुकान, भोजनालय, मिष्ठान भंडार और भाजपा मंडल कार्यालय सहित कई प्रतिष्ठान जलकर राख हो गए। आग बुझाने के दौरान हुए सिलेंडर विस्फोट में एक दमकल कर्मी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में करीब एक से डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार उलदन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मऊरानीपुर-झांसी राजमार्ग पर स्थित बंगरा पुलिस चौकी में देर रात करीब दो बजे अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में धुआं भीषण आग में बदल गया। रात का समय होने के कारण अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे, लेकिन आग की लपटें तेजी से फैलते हुए चौकी के आसपास बनी दुकानों तक पहुंच गईं।

देखते ही देखते राय मोबाइल शॉप, भाजपा मंडल कार्यालय, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष की कलर पेंट की दुकान, इलेक्ट्रिक वाहनों का शोरूम, भोजनालय और मिष्ठान भंडार समेत कई प्रतिष्ठान आग की चपेट में आ गए। आग का विकराल रूप देखकर क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक दुकान में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिसकी चपेट में आकर एक दमकल कर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

करीब तीन से चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कई दुकानें और पुलिस चौकी पूरी तरह जल चुकी थीं। राय मोबाइल शॉप में रखे सैकड़ों मोबाइल फोन, इलेक्ट्रिक बाइक शोरूम में खड़ी करीब 20 गाड़ियां तथा अन्य कीमती सामान राख में तब्दील हो गए।

भाजपा मंडल अध्यक्ष रंजीत ने बताया कि उनकी पेंट की दुकान और भाजपा मंडल कार्यालय समेत कई प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचा है। उनका कहना है कि आग सबसे पहले पुलिस चौकी से शुरू हुई थी। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

घटना स्थल पर पहुंची उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर श्वेता साहू ने बताया कि दुकानों में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। पीड़ितों को उचित मुआबजा दिलाये जाने का प्रयास किया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *