झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में बरुआ सागर थाना पुलिस ने कम कीमत में अधिक सोना दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपित को बुधवार की बीती देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से नकदी, अवैध तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के लसुड़िया निवासी व्यापारी दीपक दुबे ने बरुआ सागर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में पीड़ित ने बताया था कि वह अपने मित्र अजय पोलाया के साथ कबाड़ का व्यापार करता है। बीते दिनों उसकी मुलाकात रवि परिहार के माध्यम से दीपचंद्र कुशवाह से हुई थी। दीपचंद्र ने खुद को बड़ी मात्रा में सोने का मालिक बताते हुए बाजार मूल्य से कम कीमत पर सोना बेचने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने आरोपित दीपचंद्र की बातों में आ गया और तय सौदे के अनुसार दाे जून को अपने घर से 10 लाख रुपये लेकर बरुआ सागर स्थित मनसिल माता मंदिर पहुंचा। वहां दीपचंद्र अपने एक साथी के साथ आया और सोने का नमूना दिखाकर विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने दीपक से 10 लाख रुपये लिए और मौके से फरार हो गया।

पीड़ित के अनुसार, जब उसने बाद में आरोपित से संपर्क कर सोना या रुपये वापस मांगे तो आरोपित ने देने से साफ इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर बरुआ सागर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बरुआ सागर पुलिस को आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम लगातार आरोपित की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में बीती देर रात धमना रोड क्षेत्र में पुलिस को आरोपित दीपचंद्र के होने की सूचना मिली।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि जब पुलिस टीम ने आरोपित को रोकने का प्रयास किया तो उसने तमंचे से हवाई फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग करते हुए घेराबंदी की और आरोपित को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ठगी की रकम के छह लाख 27 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, दो कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके अन्य साथियों की तलाश और शेष रकम की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।

