मुजफ्फरनगर में मंदिर की आड़ में अतिक्रमण का आरोप, एसडीएम के रसोइये के खिलाफ डीएम से शिकायत

मुजफ्फरनगर में मंदिर की आड़ में अतिक्रमण का आरोप, एसडीएम के रसोइये के खिलाफ डीएम से शिकायत

मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नुमाइश कैंप में कथित अवैध निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। क्षेत्र निवासी प्रमोद कुमार ने स्थानीय लोगों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम सदर के रसोइये चंदन सिंह पर मंदिर की आड़ में सड़क पर अतिक्रमण करने और अवैध निर्माण कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया कि उनके घर के सामने रहने वाले चंदन सिंह ने मंदिर परिसर की आड़ लेकर सड़क पर पक्का निर्माण कर अपनी रसोई बना ली है। शिकायत के अनुसार मंदिर की छत को अपने मकान से जोड़ते हुए लैंटर भी डलवा दिया गया है, जिससे सार्वजनिक रास्ता प्रभावित हो रहा है और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पीड़ित का आरोप है कि जब क्षेत्रवासियों ने इस निर्माण का विरोध किया तो चंदन सिंह ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए एसडीएम सदर का नाम लेकर लोगों पर दबाव बनाने का प्रयास किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध करने वालों को जान-माल के नुकसान की धमकी दी गई।

प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया कि मंदिर के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर उस पर कब्जा करने की कोशिश भी की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि मंदिर और सार्वजनिक भूमि से जुड़े मामले में प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।

पीड़ित और क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से कथित अवैध निर्माण को हटवाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल यह आरोप शिकायतकर्ता पक्ष द्वारा लगाए गए हैं। मामले में प्रशासनिक जांच और संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *