मुरैना। एक प्रेमिका ने अपने पति को मारने के लिए अपने बॉयफ्रेंड से जहर मंगवाया, फिर एक गिलास में घोलकर पति को पिलाया, हैरानी की बात तो यह है कि पति के मरने के बाद पत्नी को यह कहते हुए भी शर्म नहीं आई, कि उसने ये काम प्रेमी के साथ मिलकर किया है, जबकि उसने पंचनामे में भी हस्ताक्षर कर इस बात की पुष्टि की है। इस प्रकार का मामला सामने आते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को नारायण सिंह जाटव नामक व्यक्ति ने एसपी कार्यालय पहुंचकर अपने बेटे की हत्या करने वाली पत्नी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की, उन्होंने बताया कि उसके बेटे राजेश जाटव की हत्या उसकी पत्नी ने ही जहर देकर कर दी थी, इस बात को खुद उनकी बहु ने स्वीकार करते हुए पंचनामें पर हस्ताक्षर भी किए थे, उन दस्तावेजों पर बहु के पिता ने भी हस्ताक्षर किए थे, लेकिन घटना के एक माह बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उन्होंने अपने बेटे के साथ हुई घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

तीन बच्चों की मां है महिला
जिस महिला ने अपने पति को जहर देकर मारा है, वह एक दो नहीं बल्कि तीन बच्चों की मां है, उसने अपने प्रेमी के कहने पर पति को मार दिया था, उसने बताया कि प्रेमी ने उसे सल्फास लाकर दी थी, जिसे उसने अपने पति को सोने से पहले पानी में घोलकर पिला दी, ये घटना २१ जुलाई की है, इस मामले में नारायण सिंह निवासी गोटेनगर मुरैना ने थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि सीमा ने अपने ही पति को जहर देकर मार दिया है। बताया जा रहा है कि उसकी बहु सीमा का नागपुर निवासी किसी दिशांत पाटिल से अफेयर है, इसी के चलते सीमा ने ये बड़ा कदम उठाया है।

इस मामले में पुलिस का कहना है कि जब तक बिसरा रिपोर्ट नहीं आ जाएगी, तब तक महिला को हत्या का आरोपी नहीं माना जा सकता है, बताया जा रहा है कि मृतक का बिसरा सागर लैब भेजा गया है, जहां से रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। जबकि पंचों के समक्ष पति की हत्या करने की बात स्वीकारने का वीडियो भी पुलिस को मृतक के पिता ने बताया है। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं होने से मृतक का पिता मायूस हो चुका है।
