मोदी सरकार के 12 साल: जनभागीदारी से बदली स्वच्छता की तस्वीर, बोले केशव मौर्य

मोदी सरकार के 12 साल: जनभागीदारी से बदली स्वच्छता की तस्वीर, बोले केशव मौर्य

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार काे कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष में जनभागीदारी से स्वच्छता की तस्वीर बदली है। उप मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि दशकों तक पहले की सरकारों के लिए स्वच्छता कोई मुद्दा ही नहीं था। गांवों में शौचालय का अभाव, शहरों में गंदगी के ढेर और खुले में शौच जैसी समस्याएं करोड़ों लोगों की मजबूरी थीं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘स्वच्छता को जनभागीदारी’ का विषय बनाया। स्वच्छ भारत अभियान ने देश की सोच बदली, व्यवहार बदला और भारत की तस्वीर बदलने का भी कार्य किया।

केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा आज देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है और करोड़ों परिवारों, विशेषकर माताओं-बहनों को सम्मानपूर्ण जीवन मिला है। ग्रामीण स्वच्छता कवरेज, जो वर्ष 2014 में लगभग 39 प्रतिशत थी, वह आज लगभग शत-प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। स्वच्छता के इस अभियान ने बीमारियों को कम करने में मदद करने के साथ-साथ जनस्वास्थ्य, पर्यटन और जीवन स्तर में भी व्यापक सुधार किया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यही मोदी सरकार के 12 वर्षों की नई कार्यसंस्कृति है, जहां योजनाएं जनता के जीवन में परिवर्तन लाने का माध्यम बनती हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्वच्छता आज देश की ‘आदत’ भी बनी है और ‘संस्कार’ भी। ‘स्वच्छ भारत’ अब ‘स्वस्थ भारत’ की मजबूत नींव बनकर विकसित भारत के संकल्प को नई शक्ति दे रहा है। 12 साल – विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *