औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बिधूना तहसील क्षेत्र में खेत की जुताई के दौरान एक युवक की मौत हो गई। ट्रैक्टर से खेत जोतते समय संतुलन बिगड़ने पर युवक ट्रैक्टर के नीचे गिर गया और पीछे लगे रोटावेटर में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना कुदरकोट थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कुदरकोट थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर खास मजरा टीला निवासी सुरजीत यादव उर्फ पुता रठा गांव में सतपाल उर्फ लहुआ के खेत की जुताई कर रहे थे। धान की रोपाई की तैयारी के लिए खेत में ट्रैक्टर के पीछे रोटावेटर लगाकर जुताई की जा रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जुताई के दौरान अचानक सुरजीत यादव का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर के नीचे जा गिरे। इसके बाद पीछे चल रहे रोटावेटर की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अमर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों के अनुसार, सुरजीत यादव अविवाहित थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। परिवार में उनकी मां शिरोमणि देवी, बड़े भाई शिववीर तथा बहन नीतू हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

