प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित शिवकुटी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी को मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपित चाचा और चाची को शनिवार देर रात गिरफ्तार किया। दोनों को देर रात उस समय पकड़ा गया जब वे फरार होने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 29 मई की है। गंभीर रूप से झुलसी किशोरी को उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच दिन बाद पीड़िता होश में आने के बाद खुलासा हुआ कि उसे जबरन जलाकर मारने की कोशिश की गई, उससे मामला और गंभीर हो गया। किशोरी ने आरोप लगाया कि उसका चाचा उसके साथ अश्लील हरकतें करता था और गलत तरीके से छूता था। विरोध करने पर चाचा और चाची ने मिलकर उस पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी।

पीड़िता के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। मां की वर्ष 2015 और पिता की वर्ष 2024 में मृत्यु के बाद वह अपने चाचा-चाची के साथ रह रही थी। पीड़िता के भाई ने बताया कि घटना वाले दिन चाची का फोन आया और बताया गया कि उसकी बहन ने खुद को आग लगा ली है। जब वह मौके पर पहुंचा तो बहन का चेहरा, सीना और हाथ बुरी तरह झुलस चुके थे। इसके बाद उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
भाई ने बताया कि अस्पताल में हालत में सुधार होने पर बहन ने बताया कि चाचा लंबे समय से उसे प्रताड़ित करता था। विरोध करने पर मारपीट करता और कई बार भूखा भी रखता था। जब उसने यह बात चाची को बताई तो उन्होंने भी उसका साथ देने के बजाय चुप रहने का दबाव बनाया।
पीड़िता के बयान के आधार पर भाई ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने चाचा, चाची, नाना समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित दंपति को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि पीड़िता के भाई की तहरीर एवं किशोरी के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपित चाचा और चाची को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा अन्य नामजद आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

