‘अपराधियों की कोई जाति नहीं होती’, गाजीपुर एनकाउंटर पर बोले संजय निषाद

‘अपराधियों की कोई जाति नहीं होती’, गाजीपुर एनकाउंटर पर बोले संजय निषाद

सीतापुर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद सीतापुर पहुंचे, जहां उन्होंने सदर विधानसभा स्थित भूमिका मीटिंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। गाजीपुर होटल मालिक की हत्या मामले में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि हम पीड़ित परिवार के साथ हैं। मामले की जांच कराई जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि गाजीपुर होटल मालिक की हत्या मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात कर दोषियों पर कार्रवाई व पीड़ित पक्ष की मदद का हर संभव प्रयास हो रहा है। जो लोग भी इसमें दोषी होंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी।

 

गाजीपुर एनकाउंटर पर समाजवादी पार्टी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री संजय निषाद ने कहा, “अपराधियों की कोई जाति नहीं होती। उन्हें सरेंडर करने का मौका दिया जाना चाहिए। अगर पुलिस कोर्ट के सामने ही खड़ी रहेगी तो आरोपी सरेंडर कैसे करेगा? उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा जाना चाहिए और फिर रिमांड पर लिया जाना चाहिए।” उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक को बोलने, न्याय पाने और सम्मान पाने का अधिकार है। इसकी जांच होनी चाहिए। जांच के बाद ही सच सामने आएगा। मैं हमेशा समाज के साथ खड़ा रहा हूं और आगे भी खड़ा रहूंगा। बता दें कि समाजवादी पार्टी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि यूपी में जाति और धर्म देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं।

 

उन्होंने दावा किया, “पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वालों को कमर के ऊपर गोली मारी जा रही है।” सपा का कहना है कि कमलेश चौधरी को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वह पिछड़े वर्ग से था और सपा कार्यकर्ता भी था। बाकी तीन आरोपी अभी भी फरार हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि जनपद सीतापुर की सदर विधानसभा स्थित भूमिका मीटिंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समर्पित कार्यकर्ताओं एवं सम्मानित पदाधिकारियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं का यह स्नेह, सम्मान और विश्वास संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है, जो समाज के हितों के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। संगठन की मजबूती, समाज के उत्थान और जनहित के संकल्प को लेकर सभी साथियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई। आप सभी कार्यकर्ताओं का प्रेम एवं सम्मान सदैव नई ऊर्जा प्रदान करता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *