गुरुग्राम में मामूली कहासुनी बनी हत्या की वजह, सगे भाई की ईंट और कस्सी से हत्या करने वाला गिरफ्तार

गुरुग्राम में मामूली कहासुनी बनी हत्या की वजह, सगे भाई की ईंट और कस्सी से हत्या करने वाला गिरफ्तार

गुरुग्राम। गुरुग्राम जिले के गांव दौलताबाद में आपसी कहासुनी के दौरान एक व्यक्ति ने पांच दिन पहले अपने सगे भाई की ईंट और कस्सी से मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने को मृतक के सगे भाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

राजेंद्र पार्क थाना पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को सूचना मिली कि दौलताबाद स्थित एक मकान में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल को सुरक्षित कर क्राइम सीन टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को बुलाया गया। शव और घटनास्थल का गहन निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने साक्ष्य कब्जे में लिए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया।

मोर्चरी में परिजनों ने मृतक की पहचान आशीष (26) निवासी दौलताबाद के रूप में की। परिजनों ने शिकायत में बताया कि आशीष अपने पुराने मकान में गया था, जहां वह गंभीर चोटों के साथ मृत मिला। शिकायत और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर थाना राजेंद्र पार्क में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने 3 जून 2026 को आरोपी को सेक्टर-106 स्थित प्लाजा से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मृतक के सगे भाई अमन (23) निवासी दौलताबाद के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में अमन ने बताया कि आशीष शराब पीने का आदी था। घटना वाले दिन आशिष के पास एक अन्य व्यक्ति शराब पीने आया था। जब अमन ने उस व्यक्ति को घर से जाने को कहा तो आशीष से उसकी कहासुनी हो गई। कहासुनी बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर अमन ने ईंट और कस्सी से आशीष के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस रिमांड के दौरान घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और हथियार की बरामदगी को लेकर पूछताछ की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *