दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण अग्निकांड, 10 लोगों की मौत, कई घायल; रेस्टोरेंट से आग लगने की आशंका

दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण अग्निकांड, 10 लोगों की मौत, कई घायल; रेस्टोरेंट से आग लगने की आशंका

नई दिल्ली। बुधवार सुबह दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित बहुमंजिला ‘लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट’ में भीषण आग लग गई। इसमें अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई घायलों को बाहर निकाल लिया गया है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की। दिल्ली पुलिस के मुताबिक घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज मुहैया कराया जा रहा है। बाकी लोगों के लिए खोज अभियान जारी है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही घायलों की स्थिति पर अपडेट बताया जा सकेगा।

 

सूचना मिलते ही, 10 दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। मालवीय नगर के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया, “जैसे ही आज सुबह मुझे यह जानकारी मिली, हमने अपनी टीम को सक्रिय किया और वहां से सभी बलों को सूचित किया। उन्हें घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया।

 

मुझे ट्रेनिंग पर जाना था, लेकिन मैं ट्रेनिंग छोड़कर घटनास्थल पर पहुंचा। हमें जानकारी मिली कि इस इमारत के नीचे एक रेस्टोरेंट चलाया जा रहा था। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है, लेकिन आशंका है कि उस रेस्टोरेंट की वजह से ही आग लगी है।” उन्होंने आगे बताया, “अब तक कुछ शव बरामद कर अस्पताल भेजे जा चुके हैं और 7-8 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। कुछ लोग तीसरे मंजिल से कूदे, स्थानीय लोगों ने नीचे गद्दा बिछाया और उन्हें बचाने का प्रयास किया। समय रहते बीएसईएस ने बिजली की आपूर्ति काट दी। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसलिए इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी जरूरी है। रेस्टोरेंट के लाइसेंस की जांच के लिए भी आदेश दिए गए है।” ‘आप’ नेता सोमनाथ भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “आज सुबह करीब 8.30 बजे, मेरे विधानसभा क्षेत्र हौजरानी में एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई; इसमें कई लोगों के हताहत होने की आशंका है।

 

मरने वालों में ज्यादा अफ्रीकी नागरिक हैं। तलाश और बचाव अभियान अभी भी जारी है, और आगे की जानकारी का इंतजार है।” बता दें कि यह घटना मंगलवार सुबह दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में एक संदिग्ध एलपीडी सिलेंडर फटने से एक इमारत के ढह जाने के एक दिन बाद हुई है, जिसमें 10 लोग घायल हो गए थे। दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह करीब 9:37 बजे एक आपातकालीन कॉल मिली, जिसमें एक धमाके जैसी आवाज और उसके बाद एक रिहायशी इमारत के ढहने की सूचना दी गई थी।

 

बचाव अभियान शुरू होते ही आपातकालीन टीमों को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही पांच दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। बचाव कर्मियों और स्थानीय अधिकारियों ने मलबे के नीचे दबे लोगों के लिए एक खोज अभियान शुरू किया। शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि एलपीजी सिलेंडर फटने के कारण ही इमारत ढही होगी। अधिकारियों ने बताया कि इस धमाके में करीब 250 वर्ग गज के इलाके में फैली एक मंजिला इमारत पूरी तरह से ढह गई थी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *