जौनपुर में मोबाइल पर प्रेमी से विवाद के बाद दो बच्चों की माँ ने खाया जहर; कोतवाली में बिगड़ी हालत,अस्पताल में भर्ती

जौनपुर में मोबाइल पर प्रेमी से विवाद के बाद दो बच्चों की माँ ने खाया जहर; कोतवाली में बिगड़ी हालत,अस्पताल में भर्ती

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में स्थित शाहगंज कोतवाली अंतर्गत प्रेम संबंधों में उपजे विवाद के बाद एक विवाहिता ने विषाक्त पदार्थ सेवन करने का मामला शनिवार रात सामने आया। महिला की हालत बिगड़ने पर पुलिस की तत्परता से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

कोतवाली क्षेत्र के सबरहद गांव निवासी महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ अजमेर में रहती है।परिजनाें का कहना है कि यहां पर रहे एक रिश्तेदार से महिला की नजदीकियां हो गई थीं। कुछ दिनों पहले वह अपने पैतृक गांव जाैनपुर आई हुई थी। शनिवार को फोन पर महिला अपने प्रेमी से बात कर रही थी, इस दाैरान दाेनाें में विवाद हाे गया। इसके बाद मानसिक तनाव में आकर उसने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के बाद वह स्वयं शाहगंज कोतवाली पहुंची, जहां उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने तत्काल महिला पुलिसकर्मी की सहायता से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर बताते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया। बाद में उसे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में जानकारी लेने पर प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि विषाक्त पदार्थ सेवन करने वाली महिला का उपचार कराया जा रहा है और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। निजी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. जावेद का कहना है कि महिला की स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है। अगले 24 घंटे तक चिकित्सकीय निगरानी के बाद ही उसकी स्थिति के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *