लखनऊ। राजधानी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी और कुख्यात अपराधी मोहम्मद शाहरुख उर्फ शाहरुख उर्फ शेरा खान को गिरफ्तार कर लिया है। गाजीपुर थाना पुलिस और ईस्ट जोन क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी पर लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास, बमबाजी और अवैध हथियार रखने समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पहले अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान को जान से मारने की धमकी देने के मामले में भी सुर्खियों में रह चुका है।

पुलिस के मुताबिक करीब तीन महीने पहले इंदिरानगर क्षेत्र स्थित इरम कॉन्वेंट स्कूल के पास एक महिला से चेन स्नैचिंग की घटना हुई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

गाजीपुर थाना पुलिस और ईस्ट जोन क्राइम टीम को 28 मई को सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक बांदा रोड स्थित एक मजार के पास मोटरसाइकिल से घूम रहा है। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चेन स्नैचिंग की घटना में लूटी गई सोने की चेन, दूसरी वारदात से जुड़े आठ हजार रुपये नकद और अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद शाहरुख उर्फ शेरा खान के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शेरा खान प्रयागराज का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ करेली, खुल्दाबाद, शाहगंज और धूमनगंज थानों में 15 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें रंगदारी वसूली, हत्या का प्रयास, बम विस्फोट और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
वर्ष 2018 में शेरा खान उस समय चर्चा में आया था जब उसने अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान और उनके निजी सहायक को फोन पर धमकी दी थी। उसने खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील का करीबी बताते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में मुंबई के बांद्रा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था और बाद में उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से उसे प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया था।
इसके अलावा वर्ष 2023 में उसकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें वह खुलेआम रिवॉल्वर लहराता दिखाई दिया था। एक ऑडियो क्लिप भी सामने आई थी, जिसमें वह माफिया अतीक अहमद के नाम पर अपनी वफादारी और आपराधिक गतिविधियों का दावा करता सुनाई दिया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना गाजीपुर में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की जानकारी जुटाने के लिए अन्य जिलों की पुलिस से भी विवरण मांगा गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने गिरफ्तारी करने वाली टीम की सराहना करते हुए कहा कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। पूछताछ के आधार पर उसके पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा और उससे जुड़े अन्य अपराधियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

