मुजफ्फरनगर में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, इलाके में दहशत

मुजफ्फरनगर में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, इलाके में दहशत

मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढाना कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में पुलिस गश्त को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार लुहसाना रोड स्थित एक मकान में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। पीड़ित शादाब किसी कार्य से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान का मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे का कुंडा उखाड़कर पूरी वारदात को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि चोर घर में रखी अलमारी और गल्ले को खंगालते हुए सोने के आभूषण, करीब दस हजार रुपये की नकदी तथा तांबे की कीमती डेग समेत लगभग पांच लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए। वारदात की जानकारी मिलने पर परिजनों के होश उड़ गए और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। साथ ही पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर घटना का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *