मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी; 4 की मौत, 41 घायल

मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी; 4 की मौत, 41 घायल

भोपाल। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। अनूपपुर-उमरिया जिले की सीमा पर पाली थाना क्षेत्र के बिजौरा टोला के पास श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए शहडोल जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 45 से 50 लोग सवार थे।

 

सभी श्रद्धालु अनूपपुर जिले के गिंजरी गांव के रहने वाले थे और बिजौरा स्थित शनि मंदिर के पास ‘बड़े देव’ की पूजा-अर्चना कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बिजौरा टोला के पास एक छोटी पुलिया पर मोड़ लेते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

 

मरने वालों की पहचान पदमनिया निवासी घनश्याम गोंड, गिंजरी निवासी सहबल बैगा, गिंजरी निवासी वीर सिंह (पुत्र माधव सिंह) और पदवनिया निवासी भूपति सिंह (पुत्र भागीरथ सिंह) के रूप में हुई है। सभी घायलों को पहले पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छह लोगों को शहडोल रेफर कर दिया गया। पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पुलिया पर मोड़ लेते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली असंतुलित हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा लापरवाही से हुआ या वाहन में कोई तकनीकी खराबी भी थी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *