राज्य
Trending

सहारनपुर मंडल की 17 चीनी मिलों पर गन्ना किसानों का 2405 करोड रुपए गन्ना भुगतान बकायाःभगत सिंह वर्मा

चीनी मिलों में घटतौली न रोकी गई और तत्काल गन्ना भुगतान व ब्याज न दिया तो गन्ना किसान सड़कों पर करेंगे प्रदर्शन

सहारनपुर। महानगर के पेपर मिल रोड़ स्थित पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा कार्यालय पर बैठक को सम्बोधित करते हुए पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि सहारनपुर मंडल की 17 चीनी मिलों पर चालू गन्ना सीजन का गन्ना किसानों का 2405 करोड़ रूपए गन्ना भुगतान और पिछले वर्षों में देरी से किए गए गन्ना भुगतान पर लगा ब्याज सोलह सौ करोड़ रुपए बकाया है। जिसमें सहारनपुर जिले की छः चीनी मिलों पर 678 करोड़ रुपए गन्ना भुगतान और 500 करोड़ रुपए ब्याज बकाया है। सहारनपुर मण्डल की बजाज हिंदुस्तान की तीन चीनी मिलों पर मंडल में सबसे अधिक ग्यारह सौ करोड़ रुपए गन्ना भुगतान बकाया है। चीनी मिलों से भाजपा की योगी सरकार गन्ना किसानों को समय से गन्ना भुगतान नहीं करा रही है और शुगर कंट्रोल ऑर्डर 1966 भारत सरकार के नियम के अनुसार माननीय हाईकोर्ट व माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद भी पिछले वर्षों में देरी से किए गए गन्ना भुगतान पर लगा ब्याज गन्ना किसानों का चीनी मिलों से सरकार किसानों को नहीं दिला रही है। श्री वर्मा ने कहा कि गन्ना किसानों को समय से चीनी मिलों से गन्ना भुगतान न होने और ब्याज न मिलने के कारण गन्ना किसान भारी आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन सरकार चीनी मिलों से गन्ना किसानों को ब्याज का भुगतान करा देंगी उस दिन के बाद चीनी मिलें 14 दिन के अंदर गन्ना किसानों को भुगतान कर देंगी। उन्हांेने कहा कि गन्ना किसानों के शोषण के लिए भाजपा की योगी सरकार सीधे जिम्मेदार है और सरकार चीनी मिल मालिकों से मिली हुई है। सरकार चीनी मिलों से गन्ना भुगतान व ब्याज तो नहीं दिला रही है उल्टे सरकार की मिलीभगत से चीनी मिलें कांटो में भारी घटतौली कर रही है। चीनी मिलों के कांटो में तीन प्रतिशत से लेकर चार प्रतिशत तक की घटतौली हो रही है। श्री वर्मा ने आगे बताया कि सहारनपुर मंडल की 17 चीनी मिले एक दिन में एक करोड़ तीन लाख रुपए से अधिक प्रतिदिन घटतौली कर रही है। घटतौली करने वाले चीनी मिलों के मालिकों व प्रबंधकों को जेल भेजा जाए। घटतौली के लिए गन्ना आयुक्त संजय भूसरेड्डी गन्ना विभाग व प्रदेश सरकार सीधे-सीधे जिम्मेदार है। भगत सिंह वर्मा ने सरकार व चीनी मिल मालिकों को चेतावनी देते हुए कहा कि चीनी मिलों में तत्काल घटतौली को न रोका गया और गन्ना भुगतान व ब्याज अविलंब न दिया गया तो गन्ना किसान सड़कों पर आकर बड़ा आंदोलन करेंगे जिसकी तैयारियां गांव-गांव पंचायतें करके की जा रही है। बैठक की अध्यक्षता पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मौहम्मद राव रजा ने की और संचालन प्रदेश महामंत्री आसिम मलिक ने किया। बैठक को वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव रविंदर चौधरी गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर पहल सिंह सैनी, प्रदेश सचिव विनोद सैनी, मंडल उपाध्यक्ष सरदार गुलविंदर सिंह बंटी, मंडल महासचिव वीरेंद्र सिंह बिल्लू, जिलाध्यक्ष सुशील धारकी, जिला महामंत्री सुनील धीमान, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद वसीम जहीरपुर, सुधीर चौधरी पूर्व जिला पंचायत सदस्य, अजीत सिंह, प्रधान नीरज सैनी, प्रधान रविंद्र चौधरी, प्रधान नरेश कुमार, एडवोकेट हाजी साजिद, महबूब हसन, मोहम्मद मुखिया त्यागी ने सम्बोधित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button