प्रयागराज में बकरीद शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न, दो शिफ्ट में अदा हुई नमाज

प्रयागराज में बकरीद शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न, दो शिफ्ट में अदा हुई नमाज

प्रयागराज। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को प्रयागराज में धार्मिक आस्था और सौहार्द के वातावरण में मनाया गया। शहर की बड़ी मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सड़कों पर नमाज की मनाही के चलते कई प्रमुख मस्जिदों में दो शिफ्टों में नमाज अदा कराई गई। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई, जबकि पुलिस और आरएएफ ने लगातार फ्लैग मार्च और पैदल गश्त की।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि बकरीद को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मगुरुओं और नागरिकों के सहयोग से पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहा है।

चौक स्थित जामा मस्जिद सहित शहर की कई मस्जिदों में दो चरणों में नमाज अदा की गई। पहली जमात सुबह सात बजे और दूसरी जमात सुबह साढ़े आठ बजे आयोजित हुई, ताकि अधिक संख्या में लोग व्यवस्थित रूप से नमाज अदा कर सकें। वहीं प्रयागराज ईदगाह में सुबह नौ बजे नमाज अदा की गई, जहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।

शहर काजी मुफ्ती शफीक अहमद शरीफी और अन्य मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लोगों से अपील की कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न करें तथा कुर्बानी से जुड़े वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। मौलाना सैय्यद जव्वादुल हैदर रिजवी ने भी लोगों से कानून का पालन करने और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से परहेज करने की अपील की।

शहर की करीब 300 मस्जिदों में नमाज अदा की गई। करेली, अटाला, रसूलपुर, नूरुल्ला रोड, रोशनबाग, शाहगंज, बहादुरगंज, रानीमंडी, दरियाबाद, चौक और खुल्दाबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुबह से ही नमाज और कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया।

प्रशासन की ओर से साफ-सफाई, यातायात और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाया। पूरे शहर में भाईचारे, अनुशासन और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *