मीरजापुर सड़क हादसा: बाइक डिवाइडर से टकराई, 5 वर्षीय बच्ची की मौत, तीन घायल

मीरजापुर सड़क हादसा: बाइक डिवाइडर से टकराई, 5 वर्षीय बच्ची की मौत, तीन घायल

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में पड़री थाना क्षेत्र के नेवढ़िया मझरा गांव के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार, देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के सिरसी बघेल गांव निवासी राजेश कुमार (35) अपनी पत्नी जय देवी (33), पुत्री रानी (5) और पुत्र अमर कुमार (8) के साथ बाइक से भरपुरा गांव से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेवढ़िया मझरा गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई।

हादसा इतना तेज था कि बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री पहुंचाया गया। वहां चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने परीक्षण के बाद रानी को मृत घोषित कर दिया।

गंभीर रूप से घायल राजेश कुमार, जय देवी और अमर कुमार की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे में एक बच्ची की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हैं। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *