नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा अंतर्गत थाना दादरी क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली एक विवाहिता की बूटी रात मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना पुलिस के साथ अपर पुलिस उपायुक्त ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बुधवार को बताया कि नीलम (26) पत्नी प्रशांत डाबरा गांव में रहती थी। वह मूल रूप से जनपद शिवपुरी मध्य प्रदेश की रहने वाली थी। उनकी मंगलवार की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की कुछ वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी।

मीडिया प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तथा अपर पुलिस उपायुक्त के मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। अगर वे इस मामले में कोई शिकायत करेंगे तो घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।

