गाजियाबाद में चेन स्नैचिंग के आरोपी से मुठभेड़, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल

गाजियाबाद में चेन स्नैचिंग के आरोपी से मुठभेड़, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल

गाजियाबाद। इंदिरापुरम में चेन स्नैचिंग पर लगाम कसने के लिए चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। गोली लगने से आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया, “26 मई को थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

 

नॉर्थ इंडिया मॉल की ओर जाती सड़क पर एक मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। लेकिन उसने बाइक नहीं रोकी और तेज रफ्तार से भागने लगा। भागते हुए वह फिसलकर गिर गया। खुद को घिरा देखकर उसने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।” एसीपी ने आगे बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इरशाद पुत्र इदरीश बताया। वह दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में लूटपाट, स्नैचिंग और चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है।

 

 

इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की एक चोरी की घटना में भी उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस को आरोपी के कब्जे से दो आईफोन, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है। आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इंदिरापुरम और आसपास के इलाकों में हाल के महीनों में स्नैचिंग और मोबाइल चोरी की घटनाएं बढ़ी थीं। ऐसे में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सघन चेकिंग शुरू की थी। इस मुठभेड़ को उसी अभियान की सफलता माना जा रहा है। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस किसी भी कीमत पर क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटिबद्ध है। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे संदिग्ध गतिविधियां देखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *