यूपी एटीएस के लखनऊ कार्यालय से इस बारे में मीडिया को जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि एटीएस को खबर मिली थी कि सहारनपुर के गंगोह में एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। इस सूचना पर टीम सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र के गांव कुंडा कला पहुंची और यहां से संदिग्ध मुहम्मद नदीम पुत्र नफीस अहमद को हिरासत में ले लिया। बता दें कि कुंडा कला गांव यूपी और हरियाणा के बॉर्डर पर पड़ता है। एटीएस के मुताबिक पूछताछ में नदीम ने बताया कि पाकिस्तान के आतंकी संगठन जेईएम यानी जैश-ए-मुहम्मद और टीटीपी यानी तहरीक-ए-तालीबान से उसे नुपुर की हत्या करने का टास्क दिया था। नदीम कई सालों से इन आतंकी संगठनों के कई आतंकियों के संपर्क में था।

उन्होंने इसे कई तरह के अलग-अलग ग्रुपों में शामिल किया था और सोशल प्लेट फार्म पर करीब 30 आईडी बनाकर दी थी। इतना ही नहीं टीटीपी के आतंकी सैफुल्ला पाकिस्तानी से इसने फिदायीन हमले की ट्रेनिंग ली थी। इसने सारी ट्रैनिंग ऑनलाइन ली थी। इसे ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान भी बुलाया जा रहा था। इसकी अगली योजना वीजा लेकर पाकिस्तान जाने और वहां पर ट्रेनिंग लेने की थी। पाकिस्तान के साथ-साथ वह मिश्र देशों के माध्यम से सीरिया और अफगानिस्तान जाने की भी योजना बना रहा था।
नुपूर पर आरोप है कि उन्होंने हाल ही में एक टीवी डिबेट के दौरान पैंगबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। भाजपा नेता नूपुर शर्मा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़कर चर्चा में आई थीं। वह 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार थीं। वर्तमान में वह भाजपा दिल्ली की प्रदेश कार्यकारिणी समिति की सदस्य हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। 2008 में एबीवीपी की ओर से छात्र संघ चुनाव जीतने वाली एकमात्र उम्मीदवार थीं।