मोहन मरकाम ने संघ प्रमुख मोहन भागवत को भेजा तिरंगा

रायपुर।​ छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत को संघ मुख्यालय नागपुर में फहराने के लिए खादी का तिरंगा भेजा है। कांग्रेस नेताओं ने यह जानकारी दी है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विकास तिवारी ने बताया कि महंगाई के खिलाफ आज के धरना प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने नागपुर स्थित राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के मुख्यालय में फहराने के लिये खादी के कपड़े से बना तिरंगा भेजा है। ​

उन्होंने बताया कि मरकाम ने यह तिरंगा झंडा कुरियर के माध्यम से भेजा है। ​तिवारी ने बताया कि मरकाम ने कहा है कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त तक देश वासियों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट की डीपी में तिरंगा लगाने का अनुरोध किया है और 15 अगस्त को अपने घरों में तिरंगा फहराने का भी अनुरोध किया है, वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अधिकृत ट्विटर अकाउंट, संघ प्रमुख मोहन भागवत सहित संघ के प्रमुख पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री मोदी के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया है और अपने सोशल मीडिया मीडिया के डीपी में तिरंगे की तस्वीर नहीं लगायी है।

प्रवक्ता के अनुसार, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा है कि वे अपने पितृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय में तिरंगा फहराने के लिये संघ प्रमुख मोहन भागवत से अनुरोध करे। संघ मुख्यालय में विगत 52 वर्षों से अधिक समय तक तिरंगा झंडा नहीं फहराया गया है। तिवारी ने बताया कि मरकाम ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के संघ मुख्यालय नागपुर के पते पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंडा भेजा है और उन्हें देश की आजादी के दिन 15 अगस्त को संघ मुख्यालय हेडगेवार भवन में फहराने का अनुरोध भी किया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *