बागपत। दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारिडोर में भूमि अधिग्रहण संबंधी समस्याओं को लेकर बुधवार को टीकरी-सूजती चौराहे पर किसानों की महापंचायत होगी। इसमें भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शिरकत करेंगे। किसान मंगलवार को महापंचायत की तैयारी में जुटे रहे। दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारिडोर में भूमि अधिग्रहण संबंधी समस्याओं को लेकर किसान टीकरी-सूजती चौराहे पर 18 दिन से धरने पर बैठे हैं।

इसमें शामली व मुजफ्फरनगर जनपद के गांवों के किसानों का भी समर्थन मिल रहा है। प्रशासन की तरफ से समस्या के समाधान की दिशा में कदम नहीं उठाए जाने से किसानों ने महापंचायत का सहारा लिया है, जिससे अधिकारियों की नींद उड़ी हुई है। किसानों ने बताया की बुधवार को महापंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शिरकत करेंगे, जिसमें बड़ा फैसला लिया जाएगा। इस मौके पर धर्मेंद्र राठी, राजेंद्र, किरतपाल राठी, कृष्णपाल, अरुण राठी, तेजपाल, रणधीर, ओमसिंह, वेद प्रकाश, महेश, तेजपाल, ओमवीर, सुरेंद्र, सुरेशपाल, लोकेंद्र, महेंद्र आदि मौजूद रहे।


