पुणे में आज आमने-सामने होंगे शिंदे और ठाकरे, विवाद के चलते सीएम का यह कार्यक्रम हुआ रद्द

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंगलवार को पुणे जिले के दौरे पर आ रहे हैं। वह दिनभर के अपने कार्यक्रम में जनसभा समेत कई आयोजनों में शिरकत करेंगे। इस बीच महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और शिवसेना की युथ विंग युवा सेना के प्रमुख आदित्य ठाकरे भी आज पुणे में हुंकार भरेंगे।

मिली जानकारी के मुताबिक, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे व विधायक आदित्य ठाकरे आज शाम पुणे के कात्रज चौक पर जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान शिंदे और ठाकरे के बीच सियासी वॉर छिड़ने की संभावना जताई जा रही है। दरअसल ईडी द्वारा शिवसेना नेता संजय राउत की गिरफ्तारी के बाद से राज्य का सियासी माहौल और गरमा गया है।
मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद एकनाथ शिंदे का पंढरपुर यात्रा के दौरान पुणे में समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया था। लेकिन अब खुद शिंदे की मौजूदगी में सुबह ही पुणे शहर व जिले के अन्य हिस्सों में जनसभा समेत विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
मुख्यमंत्री शिंदे सुबह 11 बजे संभागीय आयुक्त कार्यालय में भारी बारिश, बुवाई और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। फिर दोपहर 1.20 बजे फुरसुंगी जल परियोजना का निरीक्षण करेंगे। वह दोपहर 2 बजे के करीब श्री खंडोबा जेजुरी देवस्थान जाएंगे। उसके बाद दोपहर तीन बजे सासवड पालखी मैदान में शिवसेना की जनसभा को संबोधित करेंगे। हालांकि, पुणे में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नाम पर बने पार्क का उद्घाटन कार्यक्रम विवाद के चलते रद्द कर दिया गया है। दरअसल विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों ने पार्क के नाम पर आपत्ति जताई थी।
मुख्यमंत्री शिंदे रात करीब साढ़े आठ बजे श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणेश मंदिर और दत्त मंदिर जाएंगे। उसके बाद रात करीब नौ बजे वह पुलिस आयुक्तालय में आगामी उत्सव को लेकर बैठक करेंगे. जिसमें गणेश मंडल और नवरात्रि उत्सव मंडल के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

एकनाथ शिंदे की अगुवाई में शिवसेना में फूट पड़ने के बाद से आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र के दौरे पर हैं। उनकी ‘निष्ठा’ यात्रा और ‘शिवसंवाद’ यात्रा का राज्य के विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ता उल्लास के साथ स्वागत कर रहे है। इसी के तहत आदित्य मंगलवार को पुणे शहर के दौरे पर आएंगे और उनकी कात्रज चौक स्थित बस डिपो के पास शाम 5 बजे जनसभा होगी। इस दौरान आदित्य शिवसेना के बागियों पर जोरदार जुबानी हमला कर सकते हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *