अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के टहला क्षेत्र के नारायणी माता से कावड़ लेने जा रहे टैम्पू को ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे एक कांवड़ यात्री की मौके पर मौत हो गई तथा एक दर्जन से अधिक घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार जयपुर के जयसिंह-खोर के कावड़ियों से भरे एक टेम्पों को गोलाकाबास क्षेत्र के बुर्जा तिराहे से आगे एक ट्रक ने टक्कर मार दी जिससे टैम्पू अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गया और पेड़ से जा टकराया जिससे मनसुख योगी (15) निवासी जोगियों की ढाणी जयसिंह पुरा खोल जयपुर की मौत हो गयी।
टहला थाना प्रभारी लक्ष्मीनारायण ने बताया कि घायलों को दौसा जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से आधा दर्जन कांवड़ियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रैफर कर दिया गया। शेष आठ कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
एक अन्य हादसे में दौसा जिले के आंधी गांव निवासी विकास महावर रविवार को नारायणी धाम में कांवड़ लेने आया था। वह कांवड़ लेकर रवाना होने के बाद रात्रि को गोला का बास में विश्राम के लिए रूक गया तथा तड़के ई-रिक्शा से आंधी के लिए रवाना हुआ तभी उसका हाथ रिक्शे के करंट वाले तार को लग गया। जिससे वह अचेत हो गया। उसे दौसा अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर गोला का बास चौकी प्रभारी कैलाश चंद शर्मा अस्पताल पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
