इंडियन आइडल फेम फरमानी नाज के ‘हर-हर शंभू’ गाने पर भड़के उलमा, बोले- ये शरीयत के खिलाफ

इंडियन आइडल फेम और यूट्यूब सिंगर फरमानी नाज को भक्ति गीत ‘हर-हर शंभू’ गीत को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। इसी बीच अब वह कट्टरपंथियों के निशाने पर भी आ चुकी हैं। देवबंद के उलमा ने उनकी मुखालफत करते हुए इसे शरीयत के खिलाफ बताया है। उलमा ने नाज को नसीहत देते हुए कहा है कि इस्लाम में किसी तरह का गाना नहीं गाना चाहिए। नाज को इससे तौबा करनी चाहिए। जबकि फरमानी नाज का कहना है कि वह एक कलाकार हैं। इसलिए उन्हें हर तरह के गीत गाने पड़ते हैं।

दरअसल, फरमानी नाज ने कांवड़ मेले के दौरान ‘हर-हर शंभू’ का भक्ति गाना रिकॉर्ड किया था और उसे यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड किया था। उनके इस गाने की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। यह गाना सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वहीं, देवबंदी मौलाना विरोध करते हुए विवाद बढ़ा दिया है। इस संबंध में फरमानी नाज की मां फातिमा का कहना है कि बेटी के ससुराल वाले उसकी सफलता से दुखी हैं। इसलिए वे विवाद खड़ा कर रहे हैं। उनकी बेटी सच्ची मुसलमान है, वह अपने बेटे को पाल रही है और नमाज पढ़ने के साथ रोजा भी रखती है।
बता दें कि फरमानी नाज मुजफ्फरनगर रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर माफी की रहने वाली हैं। 25 मार्च 2017 को नाज की शादी मेरठ के गांव छोटा हसनपुर के रहने वाले इमरान से हुई थी। शादी के एक साल बाद जब नाज ने बेटे को जन्म दिया तो ससुरालियों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। नाज के बेटे के गले में गंभीर बीमारी थी, जिसे लेकर ससुरालिये मायके से पैसे लाने काे कहते थे। जब ससुरालिये ज्यादा परेशान करने लगे तो नाज बेटे के साथ मायके आकर रहने लगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *