आइडियल किड्स में मनाया गया 18वां स्थापना दिवस



मुजफ्फरनगर । नई मंडी स्थित आइडियल किड्स स्कूल में 18 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ *व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री माननीय कपिल देव अग्रवाल* के साथ अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य सुदर्शन सिंह बेदी, भारतीय प्रेस क्लब के सदस्य अंकुर दुआ एवं समाजसेवी अभिषेक अग्रवाल ने ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर बच्चों ने अतिथि स्वागत के पश्चात सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, मेरे प्यारे चंदा मामा इत्यादि अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन कर अपनी प्रतिभा से सबको मंत्रमुग्ध किया। मुख्य अतिथि मंत्री कपिल देव जी ने आइडियल किड्स के *18 वें स्थापना दिवस* पर अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहां कि यह स्कूल अनेक वर्षों से नगर के नन्हे मुन्ने बच्चों को संस्कारित करने का अथक प्रयास कर रहा है जिसके लिए स्कूल का प्रबंधतंत्र एवं सभी अध्यापिकाएं साधुवाद की पात्र हैं। संपादक अंकुर दुआ ने कहा कि आइडियल किड्स की विचारधारा से मैं हृदय से प्रभावित हुआ हूं और स्कूल एवं बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं । इस अवसर पर उपस्थित जोगेंद्र सिंह राणा, प्रवीन जैन हुंडई, सभासद प्रेमी छाबड़ा, विकास गुप्ता, अजय गुप्ता, भूषण जैन आदि अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। आइडियल किड्स के निदेशक पी.के. जैन ने कहा कि सफलता के इन 17 वर्षों का श्रेय जहां एक ओर इन बच्चों को संस्कारित करने वाली अध्यापिकाओं को जाता है वही उन सभी अभिभावकों एवं नगर वासियों को भी जाता है जिन्होंने की आइडियल किड्स को समझा एवं सराहा है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि आइडियल किड्स परिवार इसी प्रकार इन सभी बच्चों को शिक्षित एवं संस्कारित करने में अपना योगदान देता रहेगा। उपस्थित अतिथियों का स्कूल इंचार्ज श्रीमती नीता अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त स्टाफ का योगदान रहा।




