नई दिल्लीः देश में एक बार फिर से कोरोना मामलों में उताव-चढ़ाव देखने को मिला। भारत में पिछले 24 घंटे में 21,411 नए कोविड-19 मामले दर्ज किए गए, जो कल की तुलना में 2.1 प्रतिशत कम है। इस दौरान 67 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार महामारी शुरू होने के बाद से अब तक भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या 4,38,68,476 पहुंच गई है।

वहीं कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 5,25,997 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में देश का सक्रिय केस लोड 1,50,100 है. पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों में 618 की वृद्धि हुई है. इसी अवधि में 20,726 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए हैं।

इसके साथ ही देश में कोरोनो से ठीक होने वालों की कुल संख्या अब 40,31,92,389 हो गई है. भारत की कोविड-19 रिकवरी दर 98.46 प्रतिशत है. दैनिक सकारात्मकता दर 4.46 फीसदी है।
