मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की जौरा थाना पुलिस ने जोरा जनपद के लिये नव निर्वाचित महिला सदस्य के अपहृत बेटे को पुलिस ने सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अपहरण के इस मामले में सुमाबली विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक अजबसिंह कुशवाह सहित जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं ग्वालियर की नव निर्वाचित कांग्रेस की महापौर डॉक्टर श्रीमती शोभा सिकरवार के पारिवारिक सदस्य (चचेरे देवर) मानवेन्द्र सिंह सिकरवार के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था।
जौरा के थाना प्रभारी आशीष राजपूत ने आज बताया कि जौरा जनपद के लिये नवनिर्वाचित महिला सदस्य सम्पतिया कुशवाह के बड़े बेटे दिवान कुशवाह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके छोटे भाई दरोगा कुशवाह को गत 16 जुलाई को विधायक अजब सिंह एवं मानवेन्द्र सिंह सिकरवार व दो अन्य गांव मुंद्रावजा से एक जीप में डालकर जबरन ले गए हैं। पुलिस ने दीवान सिंह की रिपोर्ट पर से विधायक सहित पूर्व जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी श्री राजपूत ने बताया कि अपहृत युवक कल रात पुलिस को मिल गया है और उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओर मानवेन्द्र सिंह के पिता वृन्दरावन सिंह सिकरवार ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि बिना जांच किये अपहरण का मामला भाजपा के नेताओं के इशारे पर दर्ज किया गया है।

