सांप के खौफ से जंगल नहीं छोड़ा करते…,शिवसेना पर कब्जे की तैयारी के बीच संजय राउत का तंज

उद्धव ठाकरे को महाराष्ट्र की सत्ता से बेदखल करने के बाद एकनाथ शिंदे ने शिवसेना पर कब्जे की ओर अपना पहला कदम बढ़ा दिया है। बीते सोमवार को सीएम एकनाथ शिंदे ने पुरानी कमेटी को बर्खास्त कर नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इस बीच संजय राउत ने किसी का नाम न लेते हुए एकनाथ शिंदे पर तंज कसा है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर शायराना अंदाज में लिखा है कि “फन कुचलने का हुनर भी सीखिए, सांप के खौफ से जंगल नहीं छोड़ा करते।” इस ट्वीट के अंत में उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में ‘जय महाराष्ट्र!!’ भी लिखा।

दरअसल, उद्धव ठाकरे इन दिनों शिवसेना पर कंट्रोल के लिए जूझ रहे हैं। वह और उनकी पार्टी बीच मझधार में फंसी हुई है। पहले ही 55 में से 40 विधायक पार्टी छोड़कर जा चुके हैं। इसके अलावा पार्षदों ने भी बागवत कर दी है। वहीं सांसदों के भी शिंदे गुट के संपर्क में होने की खबर है।

इससे पहले सांसद संजय राउत ने शिंटे गुट पर तंज कसा था। उन्होंने कहा, “शिवसेना से टूटे हुए लोगों के गुट ने शिवसेना की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बना ली और हमारी कार्यकारिणी को बर्खास्त कर दिया…आप लोग (एकनाथ शिंदे गुट) टूट कर अलग चले गए। 20 तारीख से सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी कि आप विधायक रहेंगे या नहीं और आप हमें ही बर्खास्त कर रहे हैं।

सोमवार को होटल ट्राईडेंट में हुई शिंदे गुट के विधायकों की बैठक में शिवसेना के 14 सांसदों ने भी ऑनलाइन हिस्सा लिया। शिवसेना के कुल 18 सांसद हैं जिसमे से 14 के शिंदे गुट में शामिल होने की चर्चा है। सूत्रों का कहना है कि दक्षिण-मध्य मुंबई के सांसद राहुल शेवाले लोकसभा में शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता बनाए जा सकते हैं। वहीं, भावना गवली को मुख्य सचेतक नियुक्त किया जा सकता है। उद्धव ठाकरे ने हाल में ही भावना गवली को इस पद से हटा दिया था।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *