मुज़फ्फरनगर। बदमाशों ने बृहस्पतिवार की रात मुर्दापट्टी मोहल्ले में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर नकदी और जेवरात लूट लिए। पीड़ित परिजनों ने घटना का खुलासा कराने की मांग की है।

बृहस्पतिवार रात कस्बे के मुर्दापट्टी मोहल्ले में किसान अता इलाही और उसकी पत्नी कमरजहां घर के आंगन में सो रहे थे। रात करीब तीन बजे बदमाश मुख्य गेट गेट से बदमाश घुस गए। इस दौरान कमरजहां की आंख खुल गई। उसने कमरे में जाकर देखा तो बदमाशों ने उसका मुंह दबोच कर बंधक बना लिया। महिला को आतंकित करते हुए बदमाश ने कमरे की आलमारी में रखे 22 हजार नकदी, सोने की अंगूठी, पाजेब, कुंडल, पैरों के बिछुए और मंहगे कपड़े और अन्य सामान बैग में भर कर फरार हो गए। महिला की चीख पुकार पर अन्य परिजन जाग गए।

थाना प्रभारी यशपाल सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। घटनास्थल के आसपास कैमरों को खंगाला। तीन कैमरे खराब मिलने से बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया। उधर, पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर घटना के खुलासे की मांग की है। लोगों ने बताया घटना के बाद बदमाशों ने रास्ते से एक स्कूटर भी उठाने की कोशिश की।

