मुजफ्फरनगर के इन इलाकों में बंद कराई गई अंडा-मीट की दुकानें, पुलिस ने दी ये कडी चेतावनी

मुजफ्फरनगर। कांवड़ मार्ग पर शिवभक्तों का आवागमन प्रारंभ हो गया है। जिला प्रशासन ने भी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी के निर्देशन में मंगलवार को चेकिंग अभियान चलाया गया। कांवड़ मार्ग की अंडा और मीट की सभी दुकानें बंद कराई गई है। मीनाक्षी चौक की दोनो तरफ की दुकान बंद हो गई है। अन्य व्यवस्थाएं भी तेजी के साथ पूरी की जा रही है।

जिला प्रशासन ने कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली सभी अंडा और मीट की दुकानों को बंद करा दिया गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान ये दुकानें पूरी तरह बंद रहेगी। यदि कोई इसके बाद भी दुकान खोलता है तो उस पर कठोर कार्रवाई होगी। मंगलवार को सुबह से ही मीट की समस्त दुकानें बंद रही। मीनाक्षी चौक पर कई बड़े मुस्लिम रेस्टोरेंट है, जो बंद रहे। एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर प्रशासन ने चेकिंग अभियान चलाया और सभी मीट की दुकानों को बंद करा दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार और सीओ सिटी कुलदीप कुमार के साथ निरीक्षण किया गया। बताया कि जिला कांवड़ मार्ग पर सफाई, विद्युत व्यवस्था का काम तेजी के साथ चल रहा है। सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया के पूरा कर दिया गया है।

जिला प्रशासन ने मुख्य कंट्रोल रूम कलक्ट्रेट में ही बनाया है। कांवड़ मार्ग पर पुरकाजी से लेकर खतौली तक जितने भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, इन सभी को इस कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। एक अफसर की इस कंट्रोल रूम में लगातार ड्यूटी रहेगी। एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दूसरा कंट्रोल रूप में शिवचौक पर रहेगा। यह कंट्रोल रूम नगर पालिका की ओर से बनाया गया है। मुख्य मार्ग इस कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे।

हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। फरीदाबाद के गांव कैली के शिवभक्त कांधे पर 101 किलो वजन की कांवड़ लेकर पहुंचे। कांवड़िए केशव त्यागी का कहना है कि नौकरी के लिए कांवड़ लेकर आए हैं। केशव ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ कांवड़ लेकर पहुंचे हैं। वह नौकरी की चाह में कांवड़ लाए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *