गुजरात में हो रही भारी बारिश के चलते राज्य के आठ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के- भरूच, छोटाउदेपुर, नर्मदा, सूरत, तापी, डांग, नवसारी और वलसाड जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। बारिश से प्रभावित जिलों में NDRF और SDRF की कुल 18-18 टीमें बचाव कार्य में लगी हुई हैं। वहीं दिल्ली में भी मंगलवार को फिर से बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज दोपहर तक हल्की बारिश हो सकती है।

गुजरात प्रशासन ने आणंद, देवभूमि द्वारका, कच्छ, पोरबंदर, छोटाउदेपुर, तापी, नवसारी, वलसाड, नर्मदा और वडोदरा जिलों से कुल 10 हजार 674 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इनमें से 6 हजार 853 अपने घर लौट चुके हैं जबकि करीब 3 हजार 821 लोग आश्रय स्थानों में हैं। महाराष्ट्र में अब तक बारिश से 63 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें सबसे ज्यादा 33 मौतें बिजली गिरने, आठ दीवार गिरने, 16 पानी में डूबने से, पांच पेड़ गिरने से और एक मौत बिजली का खंभा गिरने के कारण हुईं।

महाराष्ट्र के हिस्सों में भारी बारिश जारी है जिससे कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है एवं गोदावरी में नदीतल पर स्थित मंदिर डूब गये हैं। IMD ने 14 जुलाई तक नासिक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
गोदावरी नदी के उफान पर होने के कारण आंध्र प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF ) की टीम को तैनात किया गया है। वहीं ओडिशा तट के करीब बंगाल की खाड़ी में बना दबाव के अगले 48 घंटों में और तेज होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। इस बीच, मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 52 में से 33 जिलों में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान जताते हुए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर, जबलपुर एवं शहडोल संभागों के जिलों में तथा पन्ना, दमोह, सागर, रतलाम, उज्जैन एवं देवास जिलों में अगले 24 घंटे में कहीं-कहीं पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। वहीं केरल, कर्नाटक और असम में भी बारिश से कई जगह बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कर्नाटक के कोडागू, दक्षिण कन्नड़ और उत्तर कन्नड़ जिलों में पिछले 10 दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है।
