केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा- गगनयान की तैयारी पूरी, अगले साल भारतीय कर सकेंगे अंतरिक्ष की सैर…पहले जाएगी महिला रोबोट

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत अगले साल एक या दो मानव को अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी कर रहा है। जितेंद्र सिंह ने रविवार को मुरादाबाद में यह बड़ी घोषणा की। उन्होंने साथ ही कहा कि भारत की ओर से मानव को भेजने से पहले इसी साल के अंत तक दो ट्रायल किए जाने हैं। उन्होंने कहा कि ‘गगनयान’ मिशन की तैयारी पूरी हो चुकी है।

जितेंद्र सिंह ने मुरादाबाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अगले साल भारतीय मूल के 1 या 2 मानव अंतरिक्ष में जाएंगे। हमारी गगनयान की तैयारी हो चुकी है। उससे पहले इस साल के अंत तक 2 ट्रायल किए जाएंगे। पहला ट्रायल खाली होगा और दूसरे में एक महिला रोबोट (अंतरिक्ष यात्री) को भेजा जाएगा।
जितेंद्र सिंह ने कहा कि जिस महिला रोबोट को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा, उसका नाम ‘व्योमित्र’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि दो ट्रायल मिशन के आधार पर तीसरे मिशन में भारत के अंतरिक्ष यात्री जाएंगे।

पिछले ही महीने के आखिर में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने कहा था गगनयान मिशन इस साल या अगले साल नहीं हो सकती क्योंकि एजेंसी सभी सुरक्षा प्रणालियों की मौजूदगी सुनिश्चित करना चाहती है। इसरो प्रमुख ने कहा कि जब इंसानों को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा तो सुरक्षा पर बहुत ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा था कि सुरक्षा को लेकर परीक्षण किए जा रहे हैं तथा ‘हम इसका और अधिक बार परीक्षण कर रहे हैं, हम इसे बहुत सावधानी से करना चाहेंगे।’

इसरो प्रमुख ने जोर देकर कहा कि अगले साल के मध्य में विभिन्न प्रदर्शनों और एक मानवरहित मिशन को अंजाम दिया जाएगा तथा सुनिश्चित किया जाएगा कि सबकुछ ठीक है। उन्होंने कहा, ‘(गगनयान) इस साल या अगले साल नहीं हो सकता। यह हमारे लोगों की सुरक्षा के लिए है।’ सोमनाथ ने कहा, ‘अगर हम अंतरिक्ष यात्रियों को उड़ाना चाहते हैं, तो हमें पहले सुरक्षा प्रणाली को साबित करना होगा.. इसे कई परीक्षणों से गुजरना होगा। हम इस साल ऐसा करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं किसी आपदा के साथ गगनयान कार्यक्रम को समाप्त नहीं करना चाहता हूं। हम इसे बहुत सावधानी से करना चाहेंगे।’

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *