दिल्ली भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात, जिताने का संकल्प लिया

एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाकर राजग ने अपनी नीति स्पष्ट कर दी है। आदिवासी महिला के रूप में कभी नहीं सोचा था कि इस पद का उम्मीदवार बनाया जाएगा। आजीवन महिला, गरीब, आदिवासियों के लिए काम किया है। जिंदगी में जो भी चुनौती आई है, उसे स्वीकार किया है और हमेशा अच्छा बनने का प्रयास किया है। देश के लिए हमेशा काम करने के लिए तैयार थी, हूं और रहूंगी। यह बातें राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने प्रदेश भाजपा नेताओं के साथ एक शिष्टाचार मुलाकात के दौरान कहीं।

दिल्ली के सांसद व विधायकों के प्रतिनिधिमंडल से मुर्मू ने समर्थन मांगते हुए यह भी कहा कि दिल्ली देश का दिल है और यह हम सब के लिए बड़े गर्व की बात है। मुलाकात के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बताया कि दिल्ली भाजपा द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति उम्मीदवार के रूप में पूर्ण समर्थन करती है। उनसे हुई बातचीत काफी प्रेरणादायी है और वे एक कुशल व्यक्तित्व की धनी महिला हैं।

उन्होंने आगे कहा कि जनजाति वर्ग से आने वाली महिला को देश के सर्वोच्च पद पर नामित करने का निर्णय नरेंद्र मोदी जैसे प्रधानमंत्री ही ले सकते हैं। जीवन में आने वाली तमाम समस्याओं के बावजूद द्रौपदी मुर्मू सामाजिक सेवा करने से पीछे नहीं हटीं। स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार किसी आदिवासी महिला को सर्वोच्च पद पर नामित करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिया एक ऐतिहासिक निर्णय है।

शिष्टमंडल में सांसद मीनाक्षी लेखी, डॉ. हर्षवर्धन, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश साहिब सिंह, गौतम गंभीर, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, विधायक विजेंद्र गुप्ता, अनिल बाजपेयी, मोहन सिंह बिष्ट, जितेंद्र महाजन, अजय महावर व अभय वर्मा शामिल थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *