दूर के फूफा तो आएंगे ही, पड़ोसियों को भी मिल रहा दो साल बाद आमंत्रण

बागपत। पिछले दो सालों से कोरोना से जूझ रहे लोगों के लिए अप्रैल से शुरू होने वाले शादी समारोह उत्साह और उमंग लेकर आया है। कोरोना के चलते नाते रिश्तेदारों -पड़ोसियों तक से दूरी बनाने वाले लोग शादियों के लिए अभी से निमंत्रण भेज रहे हैं। 16 अप्रैल से शादी समारोह शुरू हो जाएंगे। तीन मई को अक्षय तृतीया पर्व को लेकर अभी से मैरिज होम, होटल, गेस्ट हाउस की बंपर बुकिंग हो रही है। अक्षय तृतीया के दिन करीब 250 से ज्यादा शादियां होंगी।
नवरात्र दो अप्रैल से शुरू हो रहे हैं। इसके साथ ही मांगलिक कार्यक्रम जैसे मुंडन, कर्णछेदन, रिंग सेरेमनी शुरू हो जाएंगे। इसके लिए भी गेस्ट हाउस, मैरिज होम, होटल में बुकिंग चल रही है। जनपद में ज्यादा गेस्ट हाउस हैं। इसके अतिरिक्त 350 से ज्यादा बड़े होटल और लॉन हैं। बीते दो सालों से होटल, गेस्ट हाउस संचालक कोरोना की मार से परेशान थे। कोविड प्रोटोकॉल की तमाम पांबदियों के चलते दो साल में करीब 1500 करोड़ से ज्यादा का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। अब हालात बदल गए हैं। जनपद में कोरोना संक्रमण शून्य है। ऐसे में लोगों में शादी समारोह के लिए जबरदस्त उत्साह है। कोविड पाबंदियों के चलते पहले बेहद कम संख्या में लोग बुलाए जा रहे थे। इस बार लोग दूर-दूर के नातेदारों और पड़ोसियों को भी आमंत्रित कर रहे हैं।
उत्साह के साथ बुकिंग कर रहे लोग
विवाह मंडप एसोसिएशन के महामंत्री वरदान जैन ने बताया कि दो साल बाद लोग उत्साह के साथ बुकिंग करा रहे हैं। पूरी क्षमता के साथ बुकिंग हो रही है। पिछले सालों में कोरोना के चलते तगड़ा आर्थिक नुकसान हुआ था। अब अच्छी बुकिंग से घाटा कम करने में मदद मिल सकेगी।
पूरी क्षमता के साथ हो रही बुकिंग
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित राज प्लस के मालिक विश्वास चौधरी ने बताया कि नवरात्र शुरू होने के साथ ही शुभ कार्य शुरू हो जाएंगे। अप्रैल के तीसरे सप्ताह से शादियां हैं। ये जुलाई तक रहेंगी। इस बार लोग मैरिज होम व होटलों की पूरी क्षमता के साथ बुकिंग करा रहे हैं। अक्षय तृतीया के लिए अभी से बुकिंग फुल हो गई हैं।
अक्षय तृतीया पर अबूझ मुहूर्त
अप्रैल से लेकर जुलाई तक शादी समारोह के मुर्हूत हैं। अक्षय तृतीया अबूझ मुहूर्त माना जाता है। इस दिन सबसे ज्यादा शादियां हो रही हैं। तीन मई को अक्षय तृतीया पर्व है। पिछले सालों में कोरोना के चलते लोग परेशान थे। इस बार लोगों में जबरदस्त उत्साह है।
ये हैं शुभ मुहुर्त
पंडित नरेश शर्मा का कहना है कि अप्रैल में 15, 16, 17, 19, 20, 21, 22, 23, 24, 27 को शुभ मुर्हूत है। जबकि 2, 3, 9, 10, 11, 12, 15, 17, 18, 19, 20, 21, 26, 27 और 31 मई को शादियां हैं। इसके अतिरिक्त जून में 1, 5, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 13, 17, 23 और 24 जून को विवाह होंगे। जुलाई में 4, 6, 7, 8 और 9 को विवाह के शुभ मुर्हूत हैं।
विश्व बंधु शास्त्री

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *