भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रदेश सरकार से महाराष्ट्र के पंढरपुर स्थित मध्यप्रदेश भवन की दशा सुधारने की मांग की है।

श्री सिंह ने अपने ट्वीट में कहा कि आज उन्होंने देवशयनी एकादशी के अवसर पर पंढरपुर में भगवान विट्ठल के दर्शन किए। मध्यप्रदेश के कई क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में आज के दिन पंढरपुर में दर्शन करने जाते हैं।

श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश के दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए उन्होंने अपने कार्यकाल में पंढरपुर में मध्यप्रदेश भवन का निर्माण कराया था, लेकिन 2004 के बाद भाजपा सरकार ने उसके रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण उसकी बुरी दशा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से अनुरोध किया कि वे मध्यप्रदेश भवन के रखरखाव का उचित प्रबंध करें या महाराष्ट्र सरकार के भगवान विठ्ठल मंदिर ट्रस्ट को रखरखाव के लिए सौंप दें।