भोपाल। मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने ट्विटर पर धार्मिक विषयों को लेकर आपत्तिजनक सामग्री से जुड़ी पोस्ट रोकने के संंबंध में इस सोशल मीडिया साइट के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पराग अग्रवाल को पत्र लिखा है।

डॉ मिश्रा की ओर से लिखे पत्र में कहा गया है कि ट्विटर पर कतिपय शरारती तत्व पिछले कुछ समय से अवांछनीय टिप्पणियां कर रहे हैं। इससे सामाजिक समरसता प्रभावित हाेने के साथ धर्म विशेष की भावनाएं भी आहत होती हैं।

गृह मंत्री ने सीईओ से आग्रह किया है कि ऐसी विषयवस्तु का पहले निरीक्षण किया जाए और आपत्तिजनक होने पर उन्हें पोस्ट न किया जाए। बार-बार ऐसे प्रयास करने वाले लोगों के अकाउंट को भी प्रतिबंधित किया जाए।