बागपत में वन विभाग ने की खाद्य वन की स्थापना

बागपत। उत्तर प्रदेश शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में बागपत में खाद्य वन की स्थापना वन विभाग द्वारा चयनित स्थल ग्राम बदरखा में स्थित ग्राम समाज की भूमि के 2.30 क्षेत्र में वृक्षारोपण के शुभारम्भ हेतु कार्यक्रम का आयोजन उक्त स्थल पर किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिलाधिकारी राज कमल यादव, श्रीमती नीलम देवी, ग्राम प्रधान बदरखा, एसडीएम सुभाष सिंह, संदीप पाल, खण्ड विकास अधिकारी, छपरौली आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिला वृक्षारोपण समिति के अध्यक्ष के रूप में उपस्थितगण समुदाय को अवगत कराया कि खाद्य वन स्तर पर 2 हे0 क्षेत्र में फलदार एवं औषधीय प्रजातियों का ही रोपण किया जायेगा। इस स्तर पर पौधों की देखभाल निरन्तर करते हुए यह सुनिश्चित किया जायेगा कि ग्रामीण लोगों को इनसे ताजे फल एवं औषधियां स्थानीय स्तर पर निःशुल्क उपलब्ध हो सके। मुख्य अतिथि ने स्थानीय लोगों को इस वर्षाकाल में ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल सुनिश्चित करने का आहवान किया। उन्होनें लोगों से कहा कि वे अपने परिवारजनों के जन्मदिन, विवाह की वर्षगाँठ आदि शुभ अवसरों पर एक पौधा अवश्य लगाये तथा उसकी निरन्तर देखभाल भी करे। साथ ही अपने प्रियजनों की दुखद मृत्यु पर उनके फूल / अस्थि अवशेषों के कुछ भाग को एक उचित जगह पर भूमि में दबाकर वहां एक लम्बी आयु का पौधा जैसे पीपल, बरगद, नीम, पाकड़ लगाये जिससे उनकी याद को लम्बे समय तक एक वृक्ष के रूप में संजोया जा सके तथा पर्यावरण का संरक्षण भी हो सके। बागपत जनपद का अधिकतर भू-क्षेत्र भूजल स्तर के समबन्ध में डार्क जोन में आता हैं अतः उन्होने लोगों को जल संरक्षण के प्रति भी सचेत किया। इसके उपरान्त हेमन्त कुमार सेठ, प्रभागीय वनाधिकारी ने जनपद के पौधरोपण लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति से मुख्य अतिथि को अवगत कराया तथा यह बताया कि इस खाद्य वन स्थल पर अमरूद, जामुन, बेल, कटहल, अनार, आँवला, नीम, बहेडा, आम, बेर, इमली, सहजन का रोपण किया जायेगा। तद्उपरान्त प्रभागीय वनाधिकारी ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथिगणों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए उनको पौधरोपण के लिए आमन्त्रित किया। मुख्य अतिथि उपस्थित सभी अतिथिगण, अधिकारीगण एवं जनसमुदाय ने खाध वन रोपण स्थल पौधों के रोपण में बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया। प्रभागीय वनाधिकारी, बागपत ने कार्यक्रम के उपरान्त सूचित किया कि जनपद बागपत में 5 जुलाई से 7 जुलाई के मध्य कुल पौधरोपण लक्ष्य 1328081 के सापेक्ष 1328612 पौधों का रोपण कर वृक्षारोपण लक्ष्य को सफलता पूर्वक प्राप्त कर लिया है। इसके लिए मंत्री जी ने जनपद के सभी अधिकारियों एवं जनसमुदाय को बधाई देते हुए उनकी सराहना की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *