पत्नी अमृता ने देवेंद्र फडणवीस को लेकर किया चौंकाने वाला खुलासा, कहा- आधी रात को वेश बदलकर करते थे ये काम

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम बने देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने पहली बार इस बात का खुलासा किया कि कैसे एकनाथ शिंदे गुट की बगावत और उद्धव सरकार पर आए संकट के बीच देवेंद्र फडणवीस किस तरह से चुपचाप सक्रिय थे। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वह अलग-अलग कपड़े और आंखों पर बड़ा-सा गॉगल पहनकर आधी रात को एकनाथ शिंदे से मिलने जाते थे। अमृता फडणवीस ने कहा, ‘देवेंद्र आमतौर पर देर रात तक काम करते हैं। इस बीच वह जैकेट पहनकर घर से बाहर निकल जाते थे। चश्मा वगैरह पहन लेते थे। कभी-कभी तो मैं उन्हें पहचान भी नहीं पाती। पर इतना अंदाजा लगता था कि कुछ बड़ा हो रहा है। अमृता फडणवीस ने कहा, ‘हम सभी ने एकनाथ शिंदे का भाषण सुना। इससे पता चलता है कि विधायकों के बीच कितनी अशांति थी।

इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को सार्वजनिक रूप से कहा कि शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ उनकी हालिया ‘बगावत’ के पीछे भाजपा की सक्रिय भूमिका थी। शिंदे ने कहा कि गुजरात से गुवाहाटी जाने के बाद वह फडणवीस से तब मिलते थे, जब उनके गुट के विधायक सो रहे होते थे, लेकिन वह विधायकों के जागने से पहले (गुवाहाटी) लौट आते थे। सदन में विश्वास मत हासिल करने के बाद राज्य विधानसभा में शिंदे की टिप्पणी से साफ हो गया कि भाजपा नेता और मौजूदा उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस दौरान शिंदे के नेतृत्व वाले समूह की गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल थे। शिंदे गुट के विधायक पिछले महीने के अंत में गुवाहाटी के एक लग्जरी होटल में डेरा डाले हुए थे। लेकिन ऐसी खबरें थीं कि शिंदे ने गुवाहाटी से गुजरात पहुंचकर फडणवीस के साथ गुप्त बैठक की थी। खबरों में दावा किया गया कि भोर होने से पहले शिंदे गुवाहाटी स्थित होटल में वापस आ गए, जहां वह 40 विधायकों के साथ डेरा डाले हुए थे।

शिंदे ने कहा, “हमारी संख्या कम थी (भाजपा की तुलना में), लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने हमें आशीर्वाद दिया। मोदी साहब ने शपथ ग्रहण से पहले मुझसे कहा था कि वह मेरी हरसंभव मदद करेंगे। अमित शाह साहब ने कहा कि वह हमारे पीछे चट्टान की तरह खड़े रहेंगे।” शिंदे ने फडणवीस की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘लेकिन सबसे बड़े कलाकार तो यह हैं।” शिंदे ने कहा, ‘‘हम तब मिलते थे जब मेरे साथ के विधायक सो रहे होते थे और उनके जागने से पहले (गुवाहाटी) लौट आता था।” शिंदे के इस खुलासे से फडणवीस साफ तौर पर शर्माते दिखे। शिंदे ने फडणवीस की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘कोई नहीं जानता कि वह क्या करेंगे और कब करेंगे।” महाराष्ट्र में एक सप्ताह से अधिक समय से चल रही राजनीतिक उथल-पुथल को समाप्त करते हुए शिंदे ने 30 जून को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *