राज्य
परीक्षा केंद्र पर निरीक्षण करने पहुंचे डीएम-एसएसपी
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला, प्रश्नपत्र के कुछ बंडलों को सील करने की भी चर्चा


थानाभवन। बुधवार को इंटरमीडिएट की अंग्रेजी परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद डीएम व एसएसपी गुरुवार को थानाभवन स्थित परीक्षा सेंटर पर पहुंचे और घंटों तक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तथा कालेज स्टाफ से भी बातचीत की। दोनों ही अधिकारियों ने लाला लाजपत राय इंटर कालेज में भी पहुंचकर परीक्षा के लिए रखे गए प्रश्नपत्रों के बंडलों की भी बारीकी से जांच की, वहीं कुछ बंडलों को सील करने की भी चर्चा बनी रही।
उत्तर प्रदेश में इंटरमीडिएट की अंग्रेजी विषय की परीक्षा पेपर लीक होने के बाद रद्द कर दी गई। वही योगी आदित्यनाथ ने खुद मामले का संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है। जिसके चलते डीएम जसजीत कौर ने पूरे जनपद में अपने स्तर से टीम गठित कर कई परीक्षा सेंटर पर प्रश्न पत्रों को लेकर जांच कराई थी। गुरुवार को डीएम जसजीत कौर व एसएसपी सुकीर्ति माधव थानाभवन स्थित किसान इंटर कालेज में परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। हालांकि गुरुवार को केवल कुछ ही बच्चों की परीक्षा थी। इस दौरान डीएम व एसएसपी ने घंटों तक सीसीटीवी कैमरे की पुरानी फुटेज को खंगाला और कालेज के स्टाफ से बातचीत की। सूत्रों की अगर मानें तो यहां से कुछ प्रश्न पत्र को सील भी किया है जिन्हें डीएम अपने साथ ले गई। डीएम की छानबीन के दौरान कालेज स्टाफ में हड़कंप मचा रहा। वही इसके बाद डीएम व एसएसपी लाला लाजपत राय इंटर कॉलेज में पहुंचे जहां परीक्षा के लिए रखे गए प्रश्न पत्रों के बंडलों को बारीकी से जांचा गया। कहीं कोई गड़बड़ तो नहीं है। प्रधानाचार्य चंद्रेश्वर प्रसाद को एसएसपी सुकीर्ति माधव ने सीसीटीवी कैमरा का बैकअप एक महीने तक का कराने का सख्त आदेश दिया। उन्होंने कहा कि अगर एक महीने तक सीसीटीवी कैमरो की बैकअप की व्यवस्था नहीं की जाती तो कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल डीएम द्वारा परीक्षा केंद्रों पर बारीकी से किए गए निरीक्षण की चर्चा बनी हुई है। जब डीएम से इस मामले में जानकारी ली गयी तो उन्होंने परीक्षा पेपर लीक होने के बाद परीक्षा केंद्रों की चेकिंग को रूटीन निरीक्षण बताया। इस मौके पर एडीएम संतोष कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
तहसीलदार ने किया स्कूलों का निरीक्षण
कैराना। कैराना तहसीलदार प्रियंका जायसवाल ने गुरुवार को स्कूलों का निरीक्षण किया। बुधवार को दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे इंटर अंग्रेजी का पेपर था, परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले अंग्रेजी का पेपर आउट हो गया जिसके चलते प्रदेश के 24 जिलों में परीक्षा को रद्द कर दिया गया। पेपर के लीक होने से परीक्षार्थी निराश होकर अपने घर वापस लौट गए। गुरुवार को तहसीलदार प्रियंका जायसवाल कस्बे के पब्लिक इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज व कंडेला में स्थित चौधरी मान सिंह इंटर कॉलेज में पहुंचकर निरीक्षण किया। तहसीलदार प्रियंका जायसवाल ने बताया कि बुधवार को इंटर अंग्रेजी का पेपर लीक हो गया था, जिसके चलते विद्यालयों में निरीक्षण किया गया।



