सहारनपुर। खनन कारोबारी रहे हाजी इकबाल के परिवार पर कानूनी शिकंजा लगातार तंग होता जा रहा है। जहां प्रशासन द्वारा करोड़ों रूपये की चल-अचल सम्पत्ति व बागात पहले ही हथिया चुका है। बाजोरिया रोड़ स्थित थाना जनकपुरी क्षेत्र अन्तर्गत न्यू भगत सिंह कॉलोनी में बने मकान पर प्रशासन द्वारा बुल्डोजर से ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी। ध्वस्तीकरण की कार्यवाही होते ही जनपद भर में यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गयी। प्रशासन द्वारा खनन कारोबारी हाजी इकबाल की करोड़ों रुपए की सम्पत्ति जब्त करने के बाद सहारनपुर में उनके मकान पर पुलिस प्रशासन और विकास प्राधिकरण द्वारा बुलडोजर लेकर कार्रवाई की गई। जिसमें पुलिस प्रशासन की कार्यवाही में घंटों कड़ी मशक्कत के बाद केवल गेट व छज्जा तोड़ा जा सका। बता दें कि बसपा व सपा शासन सहित गतवर्षो की सभी सरकारों में खनन कारोबारी हाजी इकबाल की तूती बोला करती थी। अक्सर लोगों का कहना था कि सरकार किसी की भी हो हाजी इकबाल की सैटिंग सबसे सही है। लेकिन वक्त बदलते देर नहीं लगती,वक्त कब किसको अर्श से फर्श और फर्श से अर्श पर ला खड़ा कर दे यह कहावत खनन कारोबारी हाजी इकबाल पर सटीक बैठती है। इसीलिए इंसान को कभी भी खुशहाली में तकब्बुर नहीं करना चाहिये।
