मोदी चार जुलाई को आंध्र प्रदेश, गुजरात के दौरे पर

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार जुलाई को आंध्र प्रदेश में भीमावरम और गुजरात में गांधीनगर का दौरा करेंगे और कुछ कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री मोदी सुबह 11 बजे भीमावरम में महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू की 125वीं जयंती समारोह का शुभारंभ करेंगे और शाम साढ़े चार बजे गांधीनगर में डिजिटल इंडिया सप्ताह, 2022 का उद्घाटन करेंगे।

स्वाधीनता के अमृत महोत्सव कार्यक्रमों के अंतर्गत अल्लूरी सीताराम राजू ये समारोह साल भर चलेंगे। प्रधानमंत्री अल्लूरी वहां सीताराम राजू की 30 फुट की ऊंची कांस्य प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे।

जुलाई 1897 को जन्मे अल्लूरी सीताराम राजू को पूर्वी घाट क्षेत्र में आदिवासी समुदायों के हितों की रक्षा के लिए अंग्रेजों के खिलाफ उनकी लड़ाई के लिए याद किया जाता है। उन्होंने रम्पा विद्रोह का नेतृत्व किया था, जिसे 1922 में शुरू किया गया था। उन्हें स्थानीय लोगों द्वारा “मन्यम वीरुडु” (जंगलों का नायक) कहा जाता है।

सरकार ने मोगल्लु में अल्लूरी ध्यान मंदिर के निर्माण को भी मंजूरी दी थी। जिसमें ध्यान मुद्रा में अल्लूरी सीताराम राजू की एक मूर्ति है, जिसमें भित्ति चित्रों और एआई-सक्षम इंटरैक्टिव सिस्टम के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानी की जीवन कहानी को दर्शाया गया है।

गांधीनगर में श्री मोदी डिजिटल इंडिया वीक 2022 का उद्घाटन करेंगे, जिसका विषय है ‘नए भारत की तकनीक को उत्प्रेरित करना।’ श्री मोदी इस अवसर पर प्रौद्योगिकी को सुलभ बनाने, जीवन को आसान बनाने और स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने तथा सरकारी सेवाओं के वितरण को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से कुछ डिजिटल पहल शुरू करेंगे।

बयान के मुताबिक प्रधान मंत्री श्री मोदी इस कार्यक्रम में ‘डिजिटल इंडिया भाषिनी’ का उद्घाटन करेंगे करेंगे। इस सुविधा से भारतीय भाषाओं में इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं के इस्तेमाल में आसानी होगी तथा भारतीय भाषाओं में सामग्री के निर्माण में मदद मिलेगी।

श्री मोदी ‘डिजिटल इंडिया जेनेसिस’ (इनोवेटिव स्टार्टअप्स के लिए जेन-नेक्स्ट सपोर्ट) का भी शुभारंभ करेंगे। यह एक राष्ट्रीय डीप-टेक स्टार्टअप प्लेटफॉर्म है जो भारत के टियर-2 और टियर-3 (मझोले और छोटे) शहरों में सफल स्टार्टअप की खोज, समर्थन, विकास और सफल बनाने के लिए होगा। इस योजना के लिए कुल 750 करोड़ रुपये के परिव्यय की परिकल्पना की गई है।

प्रधानमंत्री वहां ‘इंडियास्टैक.ग्लोबल’ का भी शुभारंभ करेंगे । यह आधार, यूपीआई, डिजिलॉकर, काउइन वैक्सीनेशन प्लेटफॉर्म, गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस (जीईएम), दीक्षा प्लेटफॉर्म और आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन जैसे भारत के सफल प्रौद्योगिकी अभियानों का एक वैश्विक डिपाजिटरी (भंडार) होगा। यह पहल भारत को पूरी आबादी स्तर पर लागू की जाने वाली परिवर्तनकारी डिजिटल परियोजनाओं के क्षेत्र में भारत की विश्वस्तर पर नेतृत्वकारी भूमिका को स्थापित करेगा।

यह सुविधा ऐसे देशों के लिए बहुत मददगार साबित होगी जो ऐसे तकनीकी समाधानों की तलाश में हैं।

इसी दौरान प्रधानमंत्री नागरिकों को ‘माईस्कीम’ समर्पित करेंगे। यह एक सेवा खोज मंच जो सरकारी योजनाओं तक पहुंच की सुविधा प्रदान करता है।वह नागरिकों को ‘मेरी पहचान’ सुविधा की भी शुरुआत करेंगे। नेशनल सिंगल साइन-ऑन (एनएसएसओ) एक उपयोगकर्ता प्रमाणीकरण सेवा है। इसमें जिसमें दर्ज पहचान के एक ही सेट (समुच्चय) से कई ऑनलाइन एप्लिकेशन या सेवाएं प्राप्त की जा सकती हैं।

श्री मोदी वहां चिप्स टू स्टार्टअप (सी2एस) कार्यक्रम के तहत मदद के लिए चुने गए 30 संस्थानों के पहले समूह की भी घोषणा करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्नातक, परास्नातक और अनुसंधान स्तर पर सेमीकंडक्टर चिप्स के डिजाइन के क्षेत्र में विशेष मानव-शक्ति को प्रशिक्षित करना और देश में सेमीकंडक्टर डिजाइन में शामिल स्टार्ट-अप के विकास के लिए उत्प्रेरक के रूप में कार्य करना है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *