BKU की महापंचायत: आज मेरठ में गरजेंगे किसान, बोले…

मेरठ। अधिक बिजली बिल और नलकूपों पर मीटर लगाए जाने से नाराज भारतीय किसान यूनियन के किसान आज ऊर्जा भवन पर महापंचायत करेंगे। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत और युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत किसानों के बीच होंगे। रविवार को किसानों ने गांव-गांव घूमकर जनसंपर्क किया और महापंचायत में अधिक से अधिक किसानों से पहुंचने का आह्वान किया।

भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में है मेरठ मंडल के जनपदों से किसान ऊर्जा भवन पर पहुंचने शुरू हो गए हैं। किसान अपने साथ अपने-अपने ट्यूबेल से बिजली के मीटर उतारकर भी लाए हैं। जिन्हें जमा करने के लिए ऊर्जा भवन में जद्दोजहद चल रही है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर आसानी से बिजली के मीटर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने जमा नहीं किए तो सभी मीटर पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक अरविंद मल्लप्पा बंगारी के कार्यालय में भर दिए जाएंगे। प्रशासन ने जहां किसानों के लिए स्वच्छ पानी के टैंकर लगा दिए हैं। वहीं किसान अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियाें में सवार होकर ऊर्जा भवन पहुंच रहे हैं। देहाती गीतों से भी ऊर्जा भवन गूंजना शुरू हो गया है।

दरअसल, सरकार ने किसानों की नलकूपों पर भी मीटर लगाने का निर्णय लिया है। कुछ ट्यूबवैलों पर मीटर लगाए भी जा चुके हैं। किसान इसका विरोध कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन कई बार पीवीवीएनएल के अधिकारियों से मिलकर नलकूपों पर मीटर नहीं लगाने की मांग कर चुके हैं।

भारतीय किसान यूनियन के मेरठ मंडल अध्यक्ष गुड्डू प्रधान, राजकुमार करनावल, बबलू जिटौली आदि का कहना है कि सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है। न तो किसानों को पर्याप्त बिजली मिल रही है और जबरन नलकूपों पर मीटर लगाने का दबाव बनाया जा रहा है। किसान नेताओं ने कहा कि आज ऊर्जा भवन पर होने वाली महापंचायत ऐतिहासिक होगी। सुबह 10 बजे से ही किसान पहुंचने शुरू हो गए हैं। मेरठ ही नहीं बल्कि मंडल के सभी जनपदों से किसान पहुंच रहे हैं।

किसान मजदूर संगठन का ऊर्जा भवन पर धरना रविवार को भी जारी रहा। पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक अरविंद मलप्पा बंगारी और एसीएम ने ऊर्जा भवन सभागार में किसानों के प्रतिनिधि मंडल के साथ वार्ता की। एक घंटे तक चली बैठक में स्थानीय समस्याओं पर तो पीवीवीएनएल एमडी ने सहमति जतायी, लेकिन नलकूपों पर मीटर लगाए जाने की योजना के बंद करने से हाथ खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि मामला शासन स्तर का है। किसानों ने लगातार आंदोलन की चेतावनी दी है।

किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नू मलिक, ललित राणा, दीपक सोम, ठाकुुर अजब सिंह, कालूराम, संजय राघव, मनोज पुंडीर, प्रवीन आदि किसानों के प्रतिनिधि मंडल ने वार्ता के दौरान एमडी से कहा कि नलकूपों पर मीटर किसी भी कीमत पर नहीं लगने चाहिए।

ऊर्जा भवन पर 30 जून तक आंदोलन जारी रहेगा। किसान नेताओं ने कहा कि अगर किसान की नलकूपों का बोरिंग फेल हो जाता है और किस कुछ मीटर दूर हटकर नया बोरिंग कराता है तो उससे सिफ्टिंग चार्ज लिया जा रहा है।

देहात में जेई और लाइनमैन किसानों से अवैध वसूली कर रहे हैं। जिसको तत्काल प्रभाव से बंद किया जाना चाहिए। एमडी ने कहा कि किसानों की स्थानीय स्तर की सभी मांगों पर विचार किया जाएगा।

 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *