द्रौपदी मुर्मू का दिल्ली पहुंचने पर भव्य स्वागत

नयी दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के आज दोपहर राजधानी पहुंचने पर यहां भव्य स्वागत किया गया।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रपति चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रबंधन टीम के समन्वयक केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुण्डा, केन्द्रीय संस्कृति एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और भाजपा महासचिव तरुण चुघ के साथ श्रीमती मुर्मू भुवनेश्वर से विमान द्वारा यहां पहुंचीं।

हवाई अड्डे पर दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी और रमेश बिधूड़ी सहित पार्टी के तमाम नेताओं ने श्रीमती मुर्मू का भव्य स्वागत किया।

सूत्रों के अनुसार श्रीमती मुर्मू प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में कल अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। ओडिशा की निवासी श्रीमती मुर्मू को बीजू जनता दल का समर्थन हासिल हो चुका है। आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस ने भी उन्हें समर्थन देने के संकेत दिये हैं। देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनने की ओर अग्रसर श्रीमती मुर्मू को कुछ और दलों का भी समर्थन मिलने की आशा है।

श्रीमती मुर्मू को बुधवार को केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमांडो का ज़ेड प्लस सुरक्षा कवर प्रदान किया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *